


कोटा में थाना आरके पुरम पुलिस की टीम ने इलाके के विवेकानंद नगर स्थित एक मकान में संचालित अवैध देशी शराब की फैक्ट्री पकड़ी है। मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपी जीतू उर्फ जितेंद्र निवासी सांगोद जिला कोटा ग्रामीण द्वारा किराए का कमरा लेकर स्प्रिट से अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा था। पुलिस ने 200 लीटर तैयार शराब से भरी टंकी सहित शराब बनाने का जखीरा बरामद किया है।
सिटी एसपी शरद चौधरी ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के मध्य नजर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास कर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीओ चतुर्थ हर्षराज सिंह के नेतृत्व में थाना आरके पुरम एसएचओ बाबूलाल रेगर मय टीम द्वारा विवेकानंद नगर स्थित एक मकान में संचालित अवैध निम्बू देशी मदिरा की फैक्ट्री पकड़ी है।
एसपी चौधरी ने बताया कि मौके से स्प्रिट से तैयार 200 लीटर शराब से भरी टंकी, पांच ड्रमों से कुल 1500 किलो स्पिरिट, देशी निम्बू ब्रांड के 32 पव्वे, 16500 पव्वों के ढक्कन, 1194 स्टीकर, 300 खाली कार्टून, 10 लीटर नींबू फ्लेवर से भरी दो जरीकेन और दो मोटरसाइकिल जप्त की गई है।