


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने राजस्थान में बढते अपराध, भ्रष्टाचार और कांग्रेस की तुष्टीकरण की नीति पर कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री गहलोत को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने तृष्टीकरण की पराकाष्ठा पार कर दी। राजस्थान में भाजपा की सरकार आते ही दहशतगर्दों को या तो घरों में बैठना पड़ेगा या फिर राजस्थान छोड़कर जाना पडेगा। कांग्रेस की सरकार को अब राजस्थान की जनता स्वीकार नहीं करेगी।
शुक्रवार को मीडिया सेंटर पर प्रदेशअध्यक्ष सीपी जोशी की मौजूदगी में जैतारण विधानसभा क्षेत्र के विधायक अविनाश गहलोत और गुर्जर समाज आरक्षण संघर्ष समिति के संभाग अध्यक्ष देवाराम कटारिया के नेतृत्व में आरएलपी के प्रदेश प्रवक्ता रोहित गुर्जर व पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी कृष्ण सिंह गुर्जर और पाली गुर्जर महासभा जिलाध्यक्ष बाबुलाल गुर्जर ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि दौसा में चार साल की बच्ची से सरकारी अधिकारी द्वारा दुराचार की घटना निंदनीय है। राजस्थान में बहन-बेटियां और मासूम बच्चियां तक सुरक्षित नहीं है। कांग्रेस सरकार के राज में भ्रष्टाचारियों का पैसा लॉकर से बाहर आ रहा है। नरेगा में भ्रष्टाचार हो रहा है, बच्चों तक के पोषाहार में भ्रष्टाचार किया जा रहा है ,लेकिन अब भाजपा सत्ता में आने के बाद भ्रष्टाचारियों को सजा दिलाने का कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तुष्टीकरण की नीति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गांधी परिवार के नजदीकी आचार्य प्रमोद कृष्णन ने आज उनकी हकीकत सबके सामने ला दी। आचार्य प्रमोद कृष्णन ने साफ कर दिया कि कांग्रेस में कुछ नेता ऐसे है जिन्हें राम से नफरत है। इन नेताओं को हिंदू शब्द से नफरत है। ये हिंदू धार्मिक गुरुओं का अपमान करना चाहते हैं। इससे कांग्रेस का असली चेहरा राजस्थान की जनता के सामने आ गया। ये वहीं कांग्रेस सरकार है जिसने राजस्थान में राम दरबार को तोड़ा, उच्च न्यायालय में राम के पैदा नहीं होने का हलफनामा दिया,शिव मंदिर को तोड़ा। वहीं दूसरी ओर केंद्र की भाजपा सरकार है, जिसने राजस्थान सहित देशभर के मंदिरों को जोड़ने और जीर्णोद्वार का कार्य किया है। इसी कांग्रेस सरकार ने लंपी बिमारी के दौरान मुआवजा देने में गौपालकों से भेदभाव किया। हजारों की संख्या में गौ माता की मौत हुई और इस कांग्रेस सरकार ने कुछ ही लोगों को मुआवजा दिया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने जयपुर के परकोटे से हो रहे पलायन को लेकर भी कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि शहर की तीन विधानसभाओं में एक बाइक पर 5-5 लटक कर घूम रहे है लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। राजस्थान की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।
इस दौरान मंच पर भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, भाजपा प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज, जयपुर देहात भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर भी उपस्थित रहे।