Saturday, 29 August 2026

शेड्यूल कास्ट के वोट तो चाहिए, पर उसका नेता गूंगा बहरा हो : खिलाड़ीलाल बैरवा


शेड्यूल कास्ट के वोट तो चाहिए, पर उसका नेता गूंगा बहरा हो : खिलाड़ीलाल बैरवा

बसेड़ी से टिकट कटने के बाद मौजूदा विधायक और राज्य एससी आयोग अध्यक्ष खिलाड़ीलाल बैरवा ने इस्तीफा देते हुए सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। पायलट समर्थक खिलाड़ीलाल बैरवा ने कहा- टिकटों की पूरी चाबी का छल्ला गहलोत ने अपने हाथ ले रखा है। सही बात बोलने वालों के टिकट काट दिए।

आयोग से इस्तीफे के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए खिलाड़ीलाल बैरवा ने कहा- मुझे सही बात उठाने की सजा दी गई है। शेड्यूल कास्ट के वोट तो चाहिए, लेकिन उसका नेता गूंगा बहरा चाहिए। सीएम का पद उन्हें छोड़ नहीं रहा के बयान पर बैरवा ने कहा- यह कुर्सी किसी की सगी नहीं है, पता ही नहीं चलेगा कब चली गई।

खिलाड़ी लाल बेरवा ने कहा कि पायलट साहब ने पैरवी की, उन पर लांछन लगाना ठीक नहीं है। हमारे यहां एक संगठन है, एक सत्ता है, एक जनरल सेक्रेटरी और एक सेक्रेटरी होता है। अब इन चारों की चाबी जब एक ही छल्ले में हो तो कौन बच सकता है? सब रिपोर्ट उनकी, जो चाहे वो करें। अकेले सचिन पायलट क्या करें, यह कोई इश्यू नहीं है। तकलीफ वहां होती है, जब चिल्ला-चिल्ला कर कहते हैं कि मैं देते-देते नहीं थकूंगा आप मांगते-मांगते थक जाओगे। मुझे बड़ी तकलीफ होती है।

उन्होंने कहा कि मैं पिछले डेढ़ साल से एससी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने की मांग करते करते थक गया। आपको एससी वोटों की परवाह ही नहीं है। वे कांग्रेस के पक्के वोट हैं। आप एससी समाज को बेवकूफ बना रहे हैं। कह रहे हैं कि सर्वे के आधार पर टिकट दिए गए। जिन्हें टिकट दिए क्या सब जीतने वाले हैं? इनमें से एक भी हार गया तो इन्हें इस्तीफा देना चाहिए। क्यों हर बार टिकट पर जवाबदेही नहीं होती। कांग्रेस इस हालत में क्यों पहुंची, क्योंकि जिम्मेदारी नहीं है। आप टिकट दिलाते तो जीत की भी गारंटी लो।

Previous
Next

Related Posts