Saturday, 29 August 2026

सीआईडी ने खाद्य तेल की एक और फर्जी फैक्ट्री पकड़ी, 10 हजार लीटर मिलावटी तेल और 25 प्रचलित कम्पनियों के रैपर बरामद, पाम ऑयल से बना रहे थे नकली तेल


सीआईडी ने खाद्य तेल की एक और फर्जी फैक्ट्री पकड़ी, 10 हजार लीटर मिलावटी तेल और  25 प्रचलित कम्पनियों के रैपर बरामद, पाम ऑयल से बना रहे थे नकली तेल

पुलिस मुख्यालय सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार को भीलवाड़ा जिले के माण्डल थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। थाना पुलिस व खाद्य विभाग की टीम की उपस्थिति में आरजीया इलाके में गणेश ऑयल नाम के प्रतिष्ठान पर छापा मार 10 हजार लीटर के करीब सोयाबीन और सरसों का तेल एवं अन्य सामग्री बरामद कर फैक्ट्री संचालकों और मजदूरों को डिटेन किया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपी प्रचलित कंपनियां के नाम से खाद्य तेल बोतल एवं टिन में पैकिंग कर सप्लाई किया करते हैं।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध दिनेश एमएन ने बताया कि क्राइम ब्रांच के कांस्टेबल गोपाल धाबाई और विजय सिंह को सूचना मिली थी कि माण्डल थाना क्षेत्र में संचालित फैक्ट्री में खराब गुणवत्ता वाले खाद्य तेल प्रचलित कंपनियों के नाम से पैकिंग कर बेचा जा रहा है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशा राम चौधरी व इंस्पेक्टर राम सिंह नाथावत के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल गोपाल धाबाई व कांस्टेबल विजय की टीम द्वारा फैक्ट्री पर नजर रख सूचना की पुष्टि की गई।

एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि पुष्टि के बाद बुधवार को क्राइम ब्रांच की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से फैक्ट्री पर छापा मारा। मौके पर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया गया। जहां से टीम ने 10000 लीटर तेल टिन, बोतलों व ड्रम से बरामद किया। इस कार्रवाई में 25 कंपनियों के रैपर व पैकिंग सामग्री, खाली बोतल, पॉम ऑयल, शीशियां, पैकिंग करने की मशीन इत्यादि जप्त की गई।

एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि इस कार्रवाई में  कांस्टेबल गोपाल धाबाई व विजय सिंह की विशेष भूमिका रही, वही कांस्टेबल भूपेंद्र शर्मा ने तकनीकी सहायता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर राम सिंह नाथावत द्वारा किया गया। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग और माण्डल थाना पुलिस का सहयोग रहा।


Previous
Next

Related Posts