


राजस्थान महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के शासन में महिला अत्याचार के मामलों में हुई बढोतरी के कारण अब बेटियों को अकेले घर से निकलने में डर लगने लगा है। हालात यह है कि यहां बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं है।
सोमवार को भाजपा की मीडिया सेंटर पर सुमन शर्मा ने कहा कि प्रदेश में पिछले दो दिनों में महिला उत्पीडन के करीब एक दर्जन मामले सामने आए हैं जिसमें दो मामले तो महिलाओं से गैंगरेप के है। पिछले दिनों प्रतापगढ में महिला को नग्न कर घुमाने वाली घटना ने राजस्थान को शर्मसार किया था वहीं उसी प्रतापगढ में कांग्रेस के प्रत्याशी रामलाल मीणा के पिता के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। इससे पहले भी कांग्रेस के मंत्री महेश जोशी और जौहरीलाल मीणा के पुत्रों पर दुष्कर्म के मामले दर्ज हो चुके है। कांग्रेस नेताओं के परिजनों पर दुष्कर्म के ये मामले कांग्रेस पार्टी का चाल, चरित्र और चेहरा बताते हैं। इन घटनाओं से पता चल गया कि महिलाओं की कांग्रेस सरकार के शासन में क्या स्थिति है।
सीएम गहलोतकी सरकार के कुप्रबन्धन से महंगाई में नंबर वन बना राजस्थान : पूजा कपिल
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पूजा कपिल ने कहा कि भ्रष्टाचार में राजस्थान देश में नंबर वन है। इसके साथ ही अब महंगाई में भी नंबर वन बन गया है। बिजली, पैट्रोल और डीजल की रेट देश में यहां सबसे अधिक है। इसके अलावा खाद्य पदार्थ पर भी महंगाई का साया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन के दौरान जहां आम उपभोक्ता को बिजली की सामान्य दर 5.55 रूपए प्रति यूनिट थी वहीं अब बढकर 11.90 रूपए हो गई है। यहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पैट्रोल डीजल पर वेट बढाकर कौनसा खजाना भर रहे है उसे जनता के सामने रखें। अपने शासन में गहलोत ने किसी पर भरोसा नहीं किया इसके कारण उन्होंने वित्त, कार्मिक और गृह जैसे विभाग अपने पास रखे और इनमें वे फेल साबित हुए।