


भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि आज कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी अपने सियासी पर्यटन पर राजस्थान आई थी, और यह कोई नई बात नहीं है। अपने परिवार सहित रणथंबौर तो वे अक्सर आती रहती हैं बस उन्हे दुष्कर्म पीड़ित महिलाएं और गैंगरेप की शिकार नाबालिग नजर नहीं आती। आज भी प्रियंका गांधी बिना तथ्यों के डिजाइन बॉक्स द्वारा पकड़ाई पर्ची को पढ़कर अपना भाषण पूरा करके चली गई, अच्छा होता प्रियंका गांधी प्रदेश की महिलाओं, युवाओं और किसानों की भी सुध लेती।
शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय पर पूनावाला ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राजस्थान में साढ़े चार साल लूट, झूठ और फूट की सरकार चली है जिसपर प्रियंका गांधी एक शब्द नहीं बोलती। राजस्थान में तो प्रियंका गांधी खुद भ्रष्टाचार की स्टेक होल्डर हैं, उनके परिवार ने बीकानेर में किसानों की जमीनें हड़पने का काम किया जिसका मामला कोर्ट में चल रहा है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि आज से साढ़े तीन साल पहले प्रियंका गांधी ने उत्तरप्रदेश में एक नारा दिया था ‘‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’’ इस नारे के लिए जो पोस्टर गर्ल बनाई गई थी उस लड़की ने भी पीड़ित होकर कांग्रेस पार्टी को छोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी कहती हैं कि हमारी पार्टी एकजुट है, तब मेरा सवाल ये है कि कौनसी कांग्रेस एकजुट है ? पायलट वाली कांग्रेस या गहलोत वाली कांग्रेस या फिर पारिवारिक कांग्रेस प्रदेश में तीन कांग्रेस है। यह पता लगाना मुश्किल है कि कौनसी पार्टी एकजुट है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि सीएम गहलोत कहते हैं कि मुख्यमंत्री पद मेरा पीछा नहीं छोड़ता, मैं कहूंगा कि जनता इस पद से ऐसा पीछा छुड़ाएगी कि कई सालों तक आपकी ये लूट, झूठ और फूट की सरकार नजर ही नहीं आएगी। राजस्थान में अब तो ये हाल हो गया कि लूट का धन कचरे के ढ़ेर में भी मिलने लगा है। ट्रांसफर-पोस्टिंग और अवैध कामों के नाम पर जो लूट मची है, खनन घोटाले का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के विधायक भरत सिंह ने सिर मुंडवाया था। इसलिए मैं प्रियंका गांधी से कहूंगा कि वो लाल डायरी के कारनामों को उजागर करें और प्रदेश की जनता को बताए कि लाल डायरी में क्या छिपा हुआ है।