


प्रताप नगर में रहने वाले सुरेंद्र कुमार ने गांधीनगर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने उनके साथ जहर खुरानी की घटना का जिक्र किया हैऔर उनके पास से अज्ञात व्यक्ति द्वारा पैसे, मोबाइल और विदेशी मुद्रा,ले लेने का आरोप लगाया है।
गांधी नगर पुलिस थाने के एसएचओ बलवीर सिंह ने बताया कि प्रताप नगर इलाके में रहने वाले सुरेन्द्र कुमार के साथ जहर खुरानी की घटना हुई है। सुरेन्द्र अपने साथियों के साथ बैंकॉक घुमने के लिए जा रहे थे। जयपुर से फ्लाइट नहीं मिली तो दिल्ली से फ्लाइट पकडनी थी। दिल्ली तक पहुंचने के लिए जयपुर से लग्जरी स्लीपर कोच बस बुक की गई। बस नारायण सिंह सर्किल से मिली और सुरेन्द्र कुमार अपना लगेज लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
उन्होंने रिपोर्ट में कहा है कि बस में साथ ही बैठे सहयात्री ने बातचीत शुरू कर दी और बातों ही बातों में कुछ खाने को भी दे दिया। उसे खाकर सुरेन्द्र कुमार बेहोश हो गए। इस दौरान सहयात्री ने सुरेन्द्र का लगेज चोरी कर लिया। एटीएम, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, बैग सब ले गया। उसके बाद बैग से एटीएम कार्ड निकाला और उसका पासवर्ड क्रेक कर दस बार लगातार टा्रंजेक्शन किए।
उन्होंने रिपोर्ट में कहा है कि इस दौरान करीब तीन लाख साठ हजार रुपए निकाल लिए। उसके बाद करीब पचास हजार की विदेशी मुदा अलग से निकाल ली। फिर बैग में रखे करीब तीस से चालीस हजार रुपए कैश भी चोरी कर लिए। महंगा मोबाइल भी चुरा लिया। सुरेन्द्र को जब होश आया तो वह दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती था। होश में आने पर जयपुर निवासी परिजनों को दिल्ली से फोन आया और परिजन सुरेन्द्र को लेन दिल्ली रवाना हो गए। पता चला कि सुरेन्द्र के शरीर पर चोट के भी निशान हैं। उसके साथ मारपीट भी की गई। इस घटना के बाद अब जयपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।