


फोन टैपिंग प्रकरण में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा को गिरफ्तारी से राहत बरकरार है।
दिल्ली हाईकोर्ट में बुधवार को मामले पर सुनवाई होनी थी। दोपहर बाद 3 बजे सुनवाई के लिए मामला सूचीबद्ध था। पिछली सुनवाई के दौरान बहस अधूरी रह गई थी। ऐसे में बुधवार को उसी बहस को आगे बढ़ाया जाना था। लेकिन हाईकोर्ट में एक जज का विदाई समारोह आयोजित किया था। इसके चलते दोपहर 12:30 बजे के बाद किसी भी मामले में सुनवाई नहीं हो पाई।
ऐसे में राजस्थान फोन टैपिंग प्रकरण में बुधवार को होने वाली सुनवाई अगली तारीख 3 नवंबर तक टल गई है। इस तरह लोकेश शर्मा की गिरफ्तारी पर अगली सुनवाई तक रोक बरकरार रहेगी।