


भाजपा के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर मिश्रा और सह प्रभारी सोमकांत को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। उसमें सीधे तौर पर आरोप लगाया जा रहा है कि फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से टिकट के लिए 30 लाख रुपए नगद और एक कार मांगी गई है।
वायरल वीडियो में आरोप लगाने वाला व्यक्ति यह कह रहा है कि यह राशि फतेहपुर विधानसभा में विस्तारक के रूप में लगे राज चौधरी जो की सांगानेर में रहते हैं, उनके माध्यम से मांगी गई और कहा गया कि सह प्रभारी सोमकांत के मकान का काम चल रहा है। इसके लिए 15 लाख रुपए की पहली किस्त दे दी गई। शेष राशि किस्तों में देने की बात कही गई है। इस वीडियो के बाद भाजपा में हड़कंप मचा हुआ है।
दिल्ली के बड़े नेताओं ने भी इस मामले को लेकर जांच बैठाने का दावा किया है। विधानसभा चुनाव में टिकट दिलाने को लेकर भी चर्चा में है और उन पर और भी कई प्रकार के आरोप लगाए जा रहे हैं। केंद्रीय नेतृत्व इस बात से बेहद नाराज है विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण उन्हें फिलहाल हटाए जाने की कार्रवाई नहीं हो पा रही है। फिलहाल उनके अधिकारों को सीज करने की बात सामने आ रही है।
उल्लेखनीय है कि संगठन महामंत्री चंद्रशेखर मिश्र लंबे समय से तैनात हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी उनसे बेहद नाराज है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशीने भी केंद्रीय नेतृत्व से विधानसभा उम्मीदवारों के चयन को लेकर उनकी राय नहीं लेने का आरोप भी लगाया है।