Saturday, 29 August 2026

चुनाव कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी: डॉ. ओमप्रकाश बैरवा


चुनाव कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी: डॉ. ओमप्रकाश बैरवा

जिला निर्वाचन अधिकारी कलक्टर डॉ. ओमप्रकाश बैरवा ने कहा कि सभी रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी चुनाव आयोग की मंशा के अनुरूप निष्पक्ष एवं पारदर्शिता से काम करते हुए चुनाव संबंधी सभी दायित्वों को समय पर पूरा करें। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी, निरंतर सजगता के साथ आपसी संवाद बनाकर कार्य करें। 

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. बैरवा ने कलक्ट्रेट सभागार में विधानसभा क्षेत्रवार चुनाव तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव दायित्वों के समय अधिकारी इस प्रकार कार्य करें कि सजगता, तटस्थता एवं निष्पक्षता आमजन को दिखाई भी दे। 

उन्होंने चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आदर्श आचार संहिता की पालना के लिए निगरानी तंत्र को मजबूत रखते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट, एफएसटी दलों को निरंतर गतिशील रखकर कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित सी-विजिल, सोशल मीडिया या मीडिया के अन्य माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित जांच कर समय पर निस्तारण किया जाये। जहाँ लाइव वेबकास्टिंग करवाई जानी है उन मतदान केंद्रों पर इंटरनेट कनेक्टिविटी की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए।

उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। प्रतिबंधात्मक कार्यवाही निष्पक्षता के साथ करते हुए आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी को संवेदनशील क्षेत्रों एवं पिछले चुनावों में कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में संयुक्त रूप से भ्रमण कर मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने, आम मतदाताओं से संवाद कर मतदान के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों पर रैंप, पेयजल, विद्युत, फर्नीचर आदि मूलभूत सुविधाओं की जांच कर पूरी कराना सुनिश्चित करें। 

उन्होंने जिला स्तर पर गठित विभिन्न प्रकोष्ठों से समन्वय बनाये रखकर चुनाव संबंधी तैयारियों को समय पर पूरी करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि रिटर्निंग अधिकारी विधानसभा क्षेत्रवार होम वोटिंग प्लान, चुनाव मैनेजमेंट प्लान, रूट प्लान, वेबकास्टिंग प्लान के लिए चुनाव आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप प्लान समय पर तैयार करना सुनिश्चित करें। उन्होंने आरओ स्तर पर भी विभिन्न प्रकोष्ठों एवं नियंत्रण कक्ष का गठन कर सूचनाओं का आदान-प्रदान समय पर करने के निर्देश दिये। 

नोडल अधिकारी (स्वीप) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी देशलदान ने कहा कि विधानसभावार आरओ, एआरओ एवं विकास अधिकारी मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाता जागरूकता संबंधी गतिविधियां (स्वीप) आयोजित करें। इसमें जनभागीदारी को सुनिश्चित किया जाएं। साथ ही, माह अक्टूबर एवं नवंबर के जारी किए गये स्वीप प्लान के अनुसार संपूर्ण जिले में मतदान अवेयरनेस गतिविधियां आयोजित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में वोटर अवेयरनेस फॉर्म, इलेक्टोरल साक्षरता क्लब, चुनावी पाठशाला एवं बूथ अवेयरनेस ग्रुप को अपडेट किया जाए।  

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम डॉ. सूरज सिंह नेगी ने सभी अधिकारियों को मतदान केंद्रवार व्यवस्थाओं, पोस्टल बैलेट, होम वोटिंग के संबंध में नवीन निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि आदर्श आचार संहिता से जुड़ी प्रत्येक सूचना को लेकर उस पर तुरंत कार्यवाही की जाए।

Previous
Next

Related Posts