


आम आदमी पार्टी का परिवार देश और प्रदेश में लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी को लेकर जयपुर के उद्योगपति और समाजसेवी राजेंद्र कुमार केडिया ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी का दामन थामा। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ. संदीप पाठक ने पार्टी मुख्यालय में राजेंद्र कुमार केडिया को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान सह प्रभारी शिवचरण गोयल भी मौजूद रहे।
डॉ. संदीप पाठक ने समाजसेवी राजेंद्र कुमार केडिया का आम आदमी पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का परिवार देश और राजस्थान में लगातार बढ़ता जा रहा है। केडिया लगातार समाजसेवा का काम करते हैं और आज उन्होंने देश और प्रदेश की राजनीति बदलने को लेकर जो कदम उठाया है वो तारीफ के काबिल है। आप के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ. संदीप पाठक ने राजेंद्र कुमार केडिया को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समाजसेवी राजेंद्र कुमार केडिया ने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जनहित वाली विचारधारा और आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा दिल्ली और पंजाब में किए जा रहे अभूतपूर्व विकास से प्रभावित होकर मैं ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा है। इस मौके पर राजेंद्र कुमार केडिया ने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ. संदीप पाठक का भी आभार जताया।