


भाजपा से देवली-उनियारा प्रत्याशी विजय बैसला ने कहा है कि कांग्रेस के पौने पांच साल में पानी,बिजली,सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं लोगो को नहीं मिल पाई । प्रदेश में भाजपा को दो तिहाई बहुमत मिलने का बैसला ने दावा किया ।
बृहस्पतिवार को टोंक पहुंचे बैसला ने भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पराना, जिला प्रमुख सरोज बंसल,नरेश बंसल सहित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इतना ही नहीं बैसला ने अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत और विधानसभा क्षेत्र में जाने से पूर्व टोंक में एक होटल में विभिन्न लोगो की अलग-अलग बैठके ली और उनको टिकट दिए जाने के बाद स्थानीय मुद्दे की नाराजगी को खत्म करने के लिए रणनीति पर विचार विमर्श किया ।
भाजपा प्रत्याशी विजय बैसला ने खुद को बाहरी होने की बात को नकारते हुए कहा कि उनके पिताजी स्वर्गीय कर्नल किरोड़ी बैसला टोंक-सवाईमाधोपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा से चुनाव लड़ चुके है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में भाजपा की सदस्यता लेने के बाद निरन्तर टोंक जिले में कार्यकर्ताओं से सम्पर्क में हूँ। विजय बैसला ने पार्टी कार्यकर्ताओं में विरोध को नकारते हुए कहा कि छोटी-मोटी नाराजगी हो सकती है जिनको आपस मे मिल बैठ करके सुलझा लिया जाएगा।
विजय बैसला ने कहा कि भाजपा बड़ा परिवार है और सभी भाजपा कार्यकर्ता ही नहीं बल्कि जनता भी अब कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति चाहती है। उन्होंने कहा कि कमरे अलग-अलग हो सकते है लेकिन छत एक ही है वह भाजपा जिसके नीचे सभी कार्यकर्ता एकजुट है।
पिछले पांच साल के कांग्रेस राज का जिक्र करते हुए बैसला ने कहा कि विकास की दृष्टि से न सिर्फ देवली-उनियारा बल्कि राजस्थान पिछड़ा है। उन्होंने दावे के साथ कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही प्रत्येक व्यक्ति,परिवार और गांव का विकास होगा
टोंक जिले में गुर्जर बाहुल्य इलाके में कांग्रेस की तरफ से पिछले विधानसभा चुनाव में सचिन पायलट को चुनाव लड़ाने के बाद उनकी रिकॉर्ड तोड़ जीत के बाद इस चुनाव में गुर्जर मतदाताओं के कांग्रेस की तरफ ध्रुवीकरण को रोकने की भाजपा की अगली रणनीति सम्बन्धी सवाल में विजय बैसला ने इतना ही कहा कि टोंक जिले मे सिर्फ गुर्जर ही नहीं है, बल्कि सभी समाजों के मतदाता है सबको साथ लेकर भाजपा चुनाव जीतेगी इसमे कोई दोराय नही है साथ ही पिछले चुनाव में गुर्जर समाज के कांग्रेस को मिले मतों सम्बन्धी सवाल पर कहा कि गुर्जर समाज को कांग्रेस सरकार से काफी उम्मीद थी लेकिन वह उम्मीदे पूरी नही हुई तो अब गुर्जर समाज भाजपा का साथ देगा तथा यह तय है कि टोंक ही नहीं बल्कि राजस्थान से भाजपा दो तिहाई सीटें जीतेगी ।
भाजपा प्रत्याशी विजय बैसला नवरात्र की शुरुआत में ही जोधपुरिया में श्रीदेवनारायन भगवान के मंदिर में दर्शन करके और धन्नाभगत की जन्मस्थली धुँवाकला जाने के बाद अपना चुनाव प्रचार शुरू करेंगे।
भाजपा प्रत्याशी विजय बैसला के गुरुवार को टोंक पहुंचने के बाद भाजपा युवा मोर्चा टोंक के जिलाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा जयसिंहपुरा,पंचायत समिति टोंक के पूर्व प्रधान जगदीश गुर्जर सहित काफी कार्यकर्ताओ ने स्वागत किया।