


केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि आने वाले 50 दिन के बाद राजस्थान में भाजपा की सरकार बनेगी। राजस्थान की राजनीति को राजनीति शास्त्र का विद्यार्थी होने के नाते मैं नजदीक से देख रहा हूं। भाजपा के कार्यकर्ता के नाते ही नहीं बल्कि राजस्थान को पिछले कई सालों से राजनीतिक विश्लेषण करते हुए मैं जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं कि राजस्थान की जनता भाजपा के पक्ष में मन बना चुकी है।
रविवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने सीएम अशोक गहलोत की तुलना बूढ़े शेर से करते हुए कहा कि जिस तरह से बूढ़ा शेर जब शिकार नहीं कर पाता है तो वह नदी किनारे पोटली लेकर बैठता है। कहता है मैं आजकल साधु हो गया हूं। मैं अब शिकार नहीं करता हूं। जो मेरे पास आएगा उसे मैं सोने की कंकर दूंगा। उन्होंने कहा कि आज सीएम गहलोत और कांग्रेस पार्टी की हालत कुछ ऐसी ही हो गई हैं। जिस तरह से बूढ़े शेर ने हिरण को प्रलोभन दिया था। उसी तरह से अशोक गहलोत राजस्थान की जनता को प्रलोभन दे रहे हैं।
केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने सरकार गिराने के आरोपो को लेकर कहा कि अशोक गहलोत और पायलट का मामला उनके घर का विषय है। सीएम गहलोत बड़े नेता हैं। सचिन पायलट उनकी सरकार में उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष थे। उन्होंने कहा कि सचिन पायलटराहुल गांधी के खास थे। इसमें धर्मेन्द्र प्रधान कहां से बीच में आ गया। मेरा इसमें कोई लेना-देना नहीं है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि राजस्थान में इन 5 सालों में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के 19 बार पेपर लीक हुए हैं, राज्य सरकार द्वारा कराई जाने वाली इन सभी भर्तियों के पेपर लीक होना अशोक गहलोत सरकार की प्रशासनिक दक्षता पर सवाल खड़े करती है। युवाओं के भविष्य को भी कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया, प्रदेश के नौजवानों के भविष्य को दिशाहीन कर दिया। 19 बार पेपर लीक होने का मतलब यानी हर एक क्वार्टर किसी भर्ती का पेपर लीक हुआ है। इसमें गरीब बच्चों के आत्मविष्वास को सबसे ज्यादा चोट पहुंचती है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश भ्रष्टाचार के मामलों में नंबर एक पर है, आज देश भर में राजस्थान का नाम लाल डायरी के कारण बदनाम हुआ है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने केवल वोट बैंक के लिए तुष्टीकरण के सारे पैरामीटर तोड़ दिये। राजस्थान में बहुमत पाने के बाद भी कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी कलह की वजह से आज गहलोत एक भ्रष्ट शासन करने वाले मुख्यमंत्री कहलाने लगे हैं।
केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि आज जयपुर संभाग की बैठक में भाग लेने के लिए आया हूं। हमने प्रदेश की 50 विधानसभाओं को लेकर आज विशेष योजना बनाई है, क्योंकि 50 विधानसभा एक तरह से प्रदेश के राजनैतिक वातावरण का एजेंडा सेट करता है। मैंने यहां बैठक में जनता को लेकर एक समीक्षा की है, इसलिए मैं जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं 2013 से भी बड़ा बहुमत लेकर हम सरकार बनाएंगे।