Saturday, 29 August 2026

दिशा की बैठक में गोल मोल जवाब से नाराज भाजपा सांसद जौनापुरिया ने ली अधिकारियों की क्लास और लगाई फटकार,कहा- कहते-,कहते मै थक गया पर कोई सुधार नहीं


दिशा की बैठक में गोल मोल जवाब से नाराज भाजपा सांसद जौनापुरिया ने ली अधिकारियों की क्लास और लगाई फटकार,कहा- कहते-,कहते मै थक गया पर कोई सुधार नहीं

टोंक जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति टोंक की बैठक भाजपा सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया की अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में चिकित्सा,रूपीड की पेयजल योजना, सड़क,बिजली की अव्यवस्थाओं से नाराज  भाजपा सांसद जौनापुरिया ने नाराजगी व्यक्त करते हुए हाथ जोड़ लिए। उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि मैं तो कहते-कहते तक गया पर आप सुनते हुए नहीं थके। 

इतना ही नहीं बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी  मोहित झा ने तो हाइवे की सड़कों की अवैध और ओवरलोड बजरी वाहनों की आवाजाही को लेकर बड़ी बात तक कह दी। उन्होंने कहा कि टोंक की पुलिस से इनकी शिकायत की जाती हैं तो कार्यवाई की जगह उल्टा जवाब मिलता हैं कि इनकी एप्रोच बहुत ऊंची है ये तो सरकार तक बदल  देते है। झा की तरफ से दिए गए बयान से न सिर्फ सांसद बल्कि अधिकारी भी एक बार तो बगले झांकने लगे।

भाजपा सांसद जौनापुरिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला प्रमुख सरोज बंसल,भाजपा जिला महामंत्री और दिशा के सदस्य विष्णु शर्मा,ओमप्रकाश गुप्ता ने राजकीय सआदत अस्पताल टोंक की अव्यवस्थाओं का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि अस्पताल में तीन-तीन मरीजों का एक ही पलंग पर इलाज हो रहा है जिससे संक्रमण की आशंका बनी हुई है। इतना ही नहीं अस्पताल में गन्दगी व्याप्त है और मरीजों को दी जाने वाली बेड शीट गन्दी और फटी हुई है।वही उनियारा सहित जिले के राजकीय सामुदायिक केंद्रों के निर्माण में अनियमितता का मामला उठाया गया।


भाजपा सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने पीएमओ डॉ.बीएल मीणा से कहा कि मोनिटरिंग भी नहीं की जा सकती यह भी हम ही करें क्या ? इतना ही नही उन्होंने  केंद्र की तरफ से स्वीकृत राशि का सदुपयोग किए जाने और सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्दश दिए।

भाजपा सांसद जौनापुरिया ने जिले में अवैध शराब की बिक्री, सड़को के निर्माण की गुणवत्ता में लापरवाही, हर घर नल से जल योजना ,रूपीड के कार्यो की समीक्षा करते हुए नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रूपीड की तरफ से नल कनेक्शन दिए जाने की सिर्फ तारीखे ही दी जा रही है लेकिन काम की प्रगति वही ढाक के तीन पात है।

भाजपा सांसद जौनापुरिया ने पशुपालन,प्रधानमंत्री आवास योजना,चिकित्सा सुविधाओं की प्रगति की जानकारी ली और कहा कि कोई भी व्यक्ति केंद्र की योजनाओं में दिए जाने वाले लोन का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति की दिया जाए इसमे कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में बिजली चोरी की घटनाओं को रोकने की प्रगति की अधीक्षण अभियंता बीएस मीणा ने देते हुए बताया कि माह अगस्त 23 तक 478 वीसीआर भरी गई है। जिसमें से 55 मामले विद्युत दुरुपयोग, 423 विद्युत चोरी के पाए गए और 79.96 लाख रुपए का जुर्माना कर 16.41लाख की वसूली की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 16 व्यक्तियों के खिलाफ बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज कराई गई है और 18 मामलों का समझौता समिति में निस्तारण किया जा चुका है।

बैठक में जिला आबकारी अधिकारी गिरिवर शर्मा ने मंगलवार को ही चार्ज लिए जाने के बाद विश्वास दिलाया कि टोंक जिले में अवैध शराब की बिक्री को रोका जाएगा साथ ही कहीं भी अवैध शराब की दुकान संचालित नहीं होने दी जाएगी।

बैठक में जलदाय विभाग टोंक के अधीक्षण अभियंता राजेश गोयल ने बताया कि जल जीवन मिशन योजनाओं में 131 गांवो एवं ओटीएमपी के अंतर्गत 76 गांवो में शत प्रतिशत रूप से घर-घर कनेक्शन किए जा चुके है। साथ ही 43 गांवो के हर घर जल कनेक्शन प्रमाण पत्र प्राप्त किए जाकर 11 गांवो का हस्तांतरण ग्राम पंचायतों को किया जा चुका है। 

बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं और निर्माण कार्यो का उद्घाटन व शिलान्यास कार्यक्रमो में सांसद को नहीं बुलाए जाने का मामला भी सदस्यों ने उठाया। इस मामले में कई चिकित्सा विभाग के भवनों की जानकारी विभाग को ही नहीं थी जिनका उद्घाटन जुलाई महीने में क्षेत्रीय विधायक ने किया था।

बैठक में भाजपा सांसद जौनापुरिया ने बनास नदी गहलोद हाई ब्रिज,मेडिकल कॉलेज टोंक का निर्माण कार्य शीघ्र ही पूरा किए जाने के निर्देश दिए साथ ही पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता आरके सिंह और अधिशाषी अभियंता टोंक दीन मोहम्मद से कहा कि वह नियमित मोनिटरिंग करके गहलोद ब्रिज में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए क्योंकि यह दर्जनों गांवों से जुड़ा मामला है ताकि लोगो को जल्दी ही आवागमन की सुविधा मिल सकें।


    Previous
    Next

    Related Posts