


जयपुर औद्योगिक क्षेत्र विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के नवनिर्मित भवन के प्रथम तल का लोकार्पण मंगलवार को हुआ। राजस्थान लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रदेश और शहर की आर्थिकी को समृद्ध बनाने में विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र के व्यापारियों की सदा से ही महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राजस्थान सरकार की नीति पर बात करते हुए अरोड़ा ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यक्रम और योजनाएं उद्यम क्षेत्र के अनुकूल हैं। सरकार के प्रयासों से लघु एवं मध्यम उद्यमियों के लिए अवसर सृजित हो रहे हैं।
राजस्थान लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष अरोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले साढे़ 4 साल में औद्योगिक विकास, अधिक निवेश और रोजगार व स्वरोजगार के बेहतरीन काम किए हैं। राजस्थान में निवेश बढ़ाने के लिए हर क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखकर पॉलिसी बनाई गई। इनमें सोलर, विंड, ईवी, हैंडीक्राफ्ट, MSME, टूरिज्म, एग्रो बिजनेस प्रमोशन पॉलिसी आदि उल्लेखनीय है।
राजस्थान लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष अरोड़ा ने कहा कि एमएसएमई एक्ट के तहत पंजीकरण स्वीकृतियों व निरीक्षणों से मुक्त अवधि को 3 से बढ़ाकर 5 वर्ष कर दिया गया है। वन स्टॉप शॉप, रिप्स-2019, रिप्स-2022, मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना जैसे निर्णयों के दूरगामी परिणाम राज्य के हित में आएंगे।
इस अवसर पर राजस्थान कांग्रेस के कोषाध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, ताराचंद चौधरी, एमपी गुप्ता, वीसी जैन, निर्मल जैन, अरुण अग्रवाल, सुशील शर्मा, जगदीश शर्मा, सुशांत गोयल, बाबूलाल शर्मा, बनवारी लाल शर्मा, राजेन्द्र अग्रवाल, जगदीश सोमानी, उदय गुवलका, वीसी शर्मा, वाय एल भाटी, विनोद गुप्ता, विनोद आर्य, शरद काकड़िया तथा कई लोग उपस्थित रहे।