


चूरू जिले की सालासर थाना पुलिस की टीम में नाकाबंदी में एक हुंडई अमेजॉन कार दंपति को गिरफ्तार कर नशे की बड़ी खेप बरामद की है। कार की पीछे की सीट हटाकर 8 प्लास्टिक के कट्टों में 300 पैकेट रखे हुए थे। जिनमें प्रतिबंधित ट्रामाडोल के 1 लाख 50 हजार टैबलेट्स थी। इनकी बाजार में कीमत करीब 30 लाख रुपए है।
एसपी राजेश कुमार मीना ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत एडिशनल एसपी सुनील कुमार व सीओ शकील अहमद के सुपरविजन में एसएचओ सालासर अमर सिंह मय जाब्ता द्वारा नेशनल हाईवे 58 फांटा बाघसरा पूर्वी पर नाकाबंदी कर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सुजानगढ़ की ओर से आई एक सन्दिग्ध हुंडई अमेजॉन कार को रुकवाया गया।
कार की पीछे की सीट निकली हुई थी, सीट के स्थान पर 8 कट्टे रखे हुए थे। जिनमें भरे 300 पैकेट में ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड के कुल 1.5 लाख टैबलेट पाई गई। नशे की तस्करी करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी दंपति अजय कुमार अरोड़ा पुत्र मदनलाल निवासी थाना सिटी सिरसा व उसकी पत्नी शालू रानी को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार कर लिया।