


राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर सोमवार को गांधी स्मृति उद्यान में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रपिता के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी नमन किया । जेल बैंड "आशाएं" ने बापू के प्रिय भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर गांधी स्मृति उद्यान में कार्यक्रम का शुभारंभ बापू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के साथ हुआ। उद्यान के हॉल में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ। यहां हिन्दू, मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई व बौद्ध धर्मों के गुरूओं ने देश की एकता, अखंडता व खुशहाली के लिए प्रार्थनाएं की। ब्रह्मकुमारी बहनों ने भी प्रार्थना के जरिए उन्नति का मार्ग बताया।
कार्यक्रम में अजमेर सेन्ट्रल जेल के ऑक्रेस्ट्रा "आशाएं" ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने "वैष्णव जन तो तैनें कहिए", "रघुपति राघव राजा राम" और " दी थी हमें आजादी" सहित अन्य भजनों व गीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। इन गीतों पर हॉल में मौजूद प्रत्येक व्यक्ति ने संग-संग गाकर और तालियां बजाकर कलाकारों के साथ ताल से ताल मिलाई । कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त सीआर मीना, जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित, गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, सह संयोजक शक्ति प्रताप सिंह , हेमराज खारोलिया, आरिफ खान , उमेश शर्मा सहित काग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।