Saturday, 29 August 2026

ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने किया खुलासा, दो महिला समेत 6 आरोपी गिरफ्तार


ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने किया खुलासा, दो महिला समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

अलवर जिले की लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस ने एक सप्ताह पहले लिली गांव के पास बंध की पाल पर बने कुएं में बोरी में लिपटे एक व्यक्ति की लाश के ब्लाइंड मामले का खुलासा कर दिया है। मामले में दो महिलाओं समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

एसपी एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि 15 सितंबर को सूचना मिली कि लक्ष्मणगढ़ से लिली गांव की ओर जाने वाले बांध पर बने एक कुएं से बहुत बदबू आ रही है। सूचना पर एसएचओ श्रीराम मय टीम के मौके पर पहुंचे। कुएं से एक कपड़े की गठरी को बाहर निकाला तो एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली। इस पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मृतक की पहचान आकाश सक्सेना (46) निवासी थाना सासनी गेट उत्तर प्रदेश हाल थाना न्यू कॉलोनी हरियाणा के रूप में की गई। मुखबिर सूचना, तकनीकी सहायता और गठित टीम के अथक प्रयास से घटना का खुलासा कर मामले में आरोपी नरेंद्र कुमार बैरवा (26), पिता जयराम बेरवा (50) मां मथुरी देवी (45) और पत्नी टीना बैरवा (21) निवासी लक्ष्मी नगर खुदनपुरी थाना वैशाली नगर जिला अलवर, योगेश कुमार जाटव (23) निवासी रोनिजा पहाड़ थाना लक्ष्मणगढ़ तथा संतोष सहारिया (28) निवासी मसारी थाना कठूमर जिला अलवर को गिरफ्तार किया गया।

एसपी शर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने हत्या का कारण मृतक के आपसी घरेलू संबंध और पैसों के लेनदेन का मामला बताया है, जिसके संबंध में अनुसंधान किया जा रहा है। आरोपियों ने 4 सितंबर को मृतक को अपने घर बुलाया और चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर शव को बोरी व साड़ी की बनी गुदड़ी की खोल में पैक कर लिली गांव के पास बंध की पाल पर बने कुएं में फेंक दिया।


Previous
Next

Related Posts