Saturday, 29 August 2026

ईस्टर्न कैनाल परियोजना के मुद्दे पर 25 सितंबर से पूर्वी राजस्थान में प्रस्तावित कांग्रेस की जन आशीर्वाद यात्रा को स्थगित कर दिया है: डोटासरा


ईस्टर्न कैनाल परियोजना के मुद्दे पर 25 सितंबर से पूर्वी राजस्थान में प्रस्तावित कांग्रेस की जन आशीर्वाद यात्रा को स्थगित कर दिया है: डोटासरा

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने ईस्टर्न कैनाल परियोजना के मुद्दे पर 25 सितंबर से पूर्वी राजस्थान में प्रस्तावित कांग्रेस की जन आशीर्वाद यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। यात्रा अब चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद निकाली जाएगी। 

उन्होंने कहा कि भाजपा बार-बार कैडर बेस पार्टी होने का दावा करते हुए पन्ना प्रमुख बनाने का दावा करती है किन्तु भाजपा आज तक इस तरह का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित नहीं कर सकी, क्योंकि वास्तविकता में भाजपा का कोई कैडर नहीं है, केवल कागजों में संगठन बना हुआ है जिस कारण भाजपा 9 विधानसभा उपचुनाव और पंचायती राज चुनावों में बुरी तरह हारी है। 

उन्होंने कहा कि राजस्थान में सरकार ने गुड गर्वनेंस देने के साथ ही जनहितैषी 5 बजट प्रस्तुत किए और उन्हें धरातल पर उतारा है और आज सरकार द्वारा दी गई 10 गारंटी पात्र लोगों तक पहुँच रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में लोगों के लिए 25 लाख रुपये का ईलाज मुफ्त है, 10 लाख का दुर्घटना बीमा है। न्यूनतम 1000 रुपये पेंशन और उज्ज्वला योजना में लाभार्थी बहनों को 500 रुपये में गैस सिलेण्डर मिल रहा है। 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में सत्ता और संगठन के समन्वय से लगातार जनकल्याणकारी कार्य हुए है तथा राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तानाशाही नीतियों, महँगाई, बढ़ती बेरोजगारी व संवैधानिक संस्थाओं के दुरूपयोग के विरूद्ध संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि शनिवार को प्रदेश में दुनियाभर में अहिंसा का संदेश देने वाले महात्मा गाँधी के विचारों को प्रस्तुत करने वाले संग्राहलय का उद्घाटन होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में राजस्थान के साथ सौतेला व्यवहार हुआ, पेट्रोलियम रिफाइनरी, बांसवाड़ा रेलमार्ग जैसे कार्य ठप्प हुए जिसकी लागत कई गुना बढ़ गई और जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना बनाने के वादे को पूर्ण होने का आज भी इंतजार कर रही है। 

उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन में राजस्थान के प्रति संवेदनाएं हैं तो 25 सितम्बर को अपने राजस्थान दौरे पर ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करें। 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि संसद में भाजपा के सांसद ने जिस प्रकार अमर्यादित भाषा का प्रयोग साथी सांसद के लिए किया लोकतंत्र को कलंकित करने वाला वाकया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर भाजपा के नेता देश को तोडऩे का काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले देश की होनहार बेटियों ने भाजपा सांसद के विरूद्ध सडक़ पर बैठकर आंदोलन किया किंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई, इसी प्रकार किसान सडक़ों पर बैठे जिसमें 800 से अधिक किसानों की आंदोलन में जान चली गई, एक भाजपा मंत्री के पुत्र ने किसानों को गाड़ी से रौंद दिया किन्तु भाजपा ने कोई कार्रवाई नहीं की। 

उन्होंने कहा कि अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने वाले सांसद के विरूद्ध कार्रवाई नहीं करना लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है। उन्होंने कहा कि संसद में अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने वाले भाजपा सांसद की जितनी सार्वजनिक निंदा की जाए कम है। यदि भाजपा में लोकतंत्र के प्रति थोड़ी भी आस्था बची है तो जेपी नड्डा को भाजपा सांसद के विरूद्ध तुरन्त कार्रवाई करते हुए पार्टी से निकाला जाना चाहिए। 

Previous
Next

Related Posts