

चित्तौड़गढ़ जिले के डीएसटी और गंगरार थाना पुलिस ने बुधवार रात थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के तस्कर का संयुक्त रूप से लगातार 30 किलोमीटर पीछा कर 284.806 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा सहित एक्सयूवी कार को जब्त किया है।
एसपी राजन दुष्यन्त ने बताया कि डीएसटी को एक एक्सयूवी कार में अवैध डोडा चूरा परिवहन करने की सूचना मिली। सूचना पर डीएसटी द्वारा सदर थानान्तर्गत भीलवाड़ा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर स्थित धनेत पुलिया पर नाकाबंदी की गई।
सूचना के मुताबिक कोटा रोड की तरफ से आती एक्सयूवी कार को रुकवाने का प्रयास किया, किंतु चालक नाकाबंदी तोड़कर क्सयूवी को गंगरार की तरफ लेकर भागा।डीएसटी ने गंगरार पुलिस को सूचित करा नाकाबंदी करवायी तथा संदिग्ध कार का लगातार पीछा किया |
गंगरार थाना पुलिस ने मेडीखेडा फाटक के पास नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी कर उक्त संदिग्ध वाहन को रुकवाने का प्रयास किया तो वाहन चालक नाकाबंदी तोडकर गाड़ी को गंगरार की तरफ लेकर भागा। जिसपर गंगरार थाना पुलिस ने संदिग्ध कार का लगातार पीछा किया। पुलिस टीम को लगातार पीछा करते देख चालक कार को चौगांवडी पुलिया से नीचे सर्विस रोड पर उतार कर पुनः चित्तौड़गढ़ की तरफ भागने लगा।
संदिग्ध कार मेडीखेडा फाटक के पास असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई व रोड के साइड में उतर कर रुक गई। कार चालक कार से उतर कर झाड़ियों से होता हुआ रेल्वे लाईन की तरफ भाग गया। जिसका पुलिस ने अंधेरे मे बहुत पीछा किया किंतु रात का समय होने के कारण चालक भागने में सफल रहा। गाड़ी की तलाशी में 17 कट्टों में भरा हुआ 284.806 किलो ग्राम डोडा चूरा मिला। पुलिस ने अवैध डोडा चूरा व एक्सयूवी कार को जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ थाना गंगरार पर एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है |
उक्त कार्यवाही में डीएसटी प्रभारी गोरधन सिंह, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल चंद्रकरण सिंह का विशेष योगदान रहा। टीम में एसआई श्याम लाल थाना गंगरार, एएसआई अमीचंद., कांस्टेबल राजदीप सिंह, अजय, दुर्गाराम, दिनेश, भंभूराम, कुंजीलाल, प्रदीप, धर्मपाल और कांस्टेबल चालक उपेन्द्र सिंह शामिल थे।