


मालवीय नगर विधानसभा में बापू नगर स्थित शिवाड़ क्षेत्र के प्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने बुधवार को राजस्थान लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा से भेंट कर बस्तियों के नियमन और मकानों के पट्टे से संबंधित समस्याएं बताई। इस पर राजीव अरोड़ा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए यूडीएच के उच्च स्तरीय अधिकारियों और नगर निगम सीईओ बाबूलाल गोयल से नियमन कैम्प लगाने और इस समस्या का तत्काल समाधान करने की माँग की ।
गौरतलब है कि राजीव अरोड़ा लंबे समय से मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र की सभी ऐसी कॉलोनी जहां लोग, पिछले 30 - 40 वर्षों से बसे हुए हैं; उनके नियमन के लिए संघर्ष कर रहे हैं। संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले ऐसे लोग, जिन्हें एक ही स्थान पर कई दशक गुजर गए हैं, ऐसे लोगों को भूमि अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध राजीव अरोड़ा ने बताया कि आवाप्त भूमि, गैर आवाप्त भूमि, कृषि भूमि और सोसाइटी भूमि क्षेत्र के सरकारी पट्टे से संबंधित लाखों लोगों की समस्याओं के प्रति वह गंभीर हैं।
टोंक रोड की विभिन्न कॉलोनियों के प्रतिनिधियों ने भी इस संबंध में राजीव अरोड़ा से मुलाकात की थी, जिस पर अरोड़ा ने तत्काल यूडीएच सलाहकार जीएस संधू के साथ लोगों की मीटिंग करवाई। अरोड़ा ने ऐसी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार को हाईकोर्ट के सेवानिवृत न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक समिति के निर्माण के लिए सिफारिश का भरोसा दिलाया।
बुधवार को अरोड़ा से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में शिवाड़ क्षेत्र, बापू नगर से पूर्व पार्षद प्रत्याशी संजीव शर्मा, पूर्व पार्षद प्रत्याशी पीयूष गोयल, बसंत व्यास ,अजय शर्मा, सुरेश चंद्र शर्मा, राजेन्द्र सर्राफ आदि प्रमुख रहे।