


केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपनी हार चुनाव से पूर्व स्वीकार कर ली है और जिसके चलते उन्होंने मिशन-2030 की कल्पना लोगों के सामने रखी है। उन्होंने कहा कि सीएम गहलोत ने तो वर्ष 2023 की हार पहले ही मान ली है।
गुरुवार को संजय मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर आम सभा में साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि कांग्रेस सरकार तुष्टिकरण की नीति अपना रही है। जिसके चलते मालपुरा में कावड़ यात्राओं के मार्ग बदले जा रहे हैं तथा दशहरा महोत्सव पर निकाली जाने वाली रामजी की बारात मालपुरा में नहीं निकल पा रही है। उन्होंने आने वाले विधानसभा चुनाव में ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व की ओर से प्रदेश में निकाली जा रही परिवर्तन संकल्प यात्रा गुरूवार को मालपुरा पहुंची। मालपुरा में बस स्टैंड पर मसाणिया भैरुजी के बाहर पूर्व डीआर नंदकिशोर सैनी, सीआर रूपचंद आकोदिया, पूर्व पालिका अध्यक्ष सुभाष गालव के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने परिवर्तन संकल्प यात्रा का स्वागत हुआ।
भाजपा की बहुमत से सरकार बनेगी, प्रदेश का विकास होगा: डॉ.सतीश पूनिया
प्रतिपक्ष उप नेता डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि राजस्थान में 2 सितंबर से शुरू हुई परिवर्तन यात्रा से चारों तरफ परिवर्तन की लहर चल रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएगी तथा केंद्र में एक बार फिर मोदी सरकार के साथ मिलकर प्रदेश का विकास होगा।
आमसभा को सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, जिला प्रमुख सरोज नरेश बंसल, विधायक कन्हैयालाल चौधरी ने भी संबोधित किया। इस दौरान पूर्व विधायक टोंक अजीत मेहता, पूर्व विधायक उनियारा-देवली राजेंद्र गुर्जर, यात्रा के सह-संयोजक जितेंद्र गोठवाल, गंगापुर सिटी के पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र पराणा, नरेश बंसल, शंकरलाल ठाडा, विष्णु शर्मा, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष त्रिलोकचंद जैन सहित बड़ी संख्या में भाजपा जिला पदाधिकारी व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।