


दौसा रात को पुलिस को चकमा देकर भागे गौ तस्करों को मुठभेड़ के बाद जिला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक तस्कर गोली लगने और दो खेत के गड्डे में गिरने से घायल हो गए। जिन्हें पुलिस निगरानी में जिला अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने एक कैंटर गाड़ी से चार गोवंशों को मुक्त करा गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस व एक खाली कारतूस बरामद किया है।
एसपी वंदिता राणा ने बताया कि शुक्रवार देर रात थाना सदर पुलिस को मुखबिर एवं साइबर सेल की तकनीकी विश्लेषण से सूचना मिली कि हरियाणा नंबर के आईसर कैंटर गाड़ी में गौतस्कर गोकशी के लिए गाय भरकर नांगल बैरसी की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर आईजी रेंज उमेश चंद्र दत्ता के निर्देश पर एडिशनल एसपी बजरंग लाल शेखावत व सीओ कालूराम मीणा के सुपरविजन में टीम गठित की गई।
थाना सदर पुलिसऔर डीएसटी टीम द्वारा रात 1:30 बजे जिरोता मोड पर नांगल बैरसी की तरफ आ रहे केंटर को रोकने का प्रयास किया। चालक गाड़ी को पीछे ले जाने लगा तो गाड़ी कीचड़ में फंस गई। तभी उनमें से चार व्यक्ति नीचे उतर कर फायरिंग कर ज्वार के खेतों में भाग गए। गाड़ी में चार गाय पैर बांधकर भरी थी। खेतों में भागे तस्करों को पकड़ने के लिए क्यूआरटी टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस टीमों ने ज्वार की खेतों को घेर कर आरोपियों की तलाश की। 6-7 घंटे की तलाश के बाद सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को खेत में छुपे तीन बदमाश दिखाई दिए। जिन्हें पकड़ने के दौरान एक बदमाश ने अपने देशी कट्टे से पुलिस पर फायर कर दिया। जवाब में पुलिस बल द्वारा फायर करने पर एक बदमाश के पैर में गोली लगी।
पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल आरोपी साजिद मेव (32) और साथी मोहम्मद रईस मेव (24) एवं इरफान मेव (28) मोहल्ला इस्लामाबादी थाना उटावड़ मोड जिला पलवल हरियाणा के रहने वाले हैं।