


भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष पवन मोदी ने कहा कि पार्टी की परिवर्तन संकल्प यात्रा 15 सितंबर को रामगढ़ शेखावाटी से जिले में प्रवेश करेगी। सुबह 11 बजे यहां यात्रा का स्वागत किया जाएगा। यात्रा को मोटर साईकिल रैली के साथ फतेहपुर शेखावाटी लाया जाएगा। फतेहपुर शेखावाटी में दोपहर 12 बजे चमडिय़ा कॉलेज प्रांगण में आमसभा होगी। आमसभा के बाद यात्रा लक्ष्मणगढ़ में प्रवेश करेगी। लक्ष्मणगढ़ में दोपहर 2.30 बजे स्टेडियम में आमसभा होगी। लक्ष्मणगढ़ से यात्रा सीकर शहर के लिए रवाना होगी।
गुरुवार को सीकर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा के जिलाध्यक्ष पवन मोदी ने कहा कि शाम 6 बजे यात्रा के सीकर शहर में प्रवेश के समय मोटर साईकिलों की रैली के साथ यात्रा को शहर में प्रवेश कराया जाएगा। यात्रा का नानी चौराहा, सालासर बस स्टेंड, घंटाघर, जाट बाजार, फागलवा पेट्रोल पंप, तापडिय़ा बगीची, कल्याण सर्किल, पुलिस लाईन के पास, बजरंग कांटा, डिपो तिराहा, मंडी गेट के पास कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। यात्रा का रात्रि विश्राम लोहिया रिसोर्ट में होगा।
उन्होंने कहा कि 16 सितंबर को परिवर्तन संकल्प यात्रा सुबह 11 बजे धोद विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। यात्रा जयपुर बीकानेर बाईपास पर स्थित राजलक्ष्मी मैरिज गार्डन पहुंचेगी जहां पर यात्रा की स्वागत सभा होगी। यहां से यात्रा दांतारामगढ़ दोपहर 2.30 बजे पहुंचेगी। दांतारामगढ़ में आमसभा आयोजित की गई है। यहां से यात्रा खंडेला विधानसभा के रींगस में सायं 5 बजे पहुंचेगी जहां पर यात्रा की आमसभा होगी और रात्रि विश्राम यहीं होगा।
सीकर भाजपा के अध्यक्ष मोदी ने कहा कि यात्रा 17 सितंबर को रींगस से प्रस्थान कर श्रीमाधोपुर सुबह 11 बजे पहुंचेगी, जहां आमसभा होगी। यहां से यात्रा उदयपुरवाटी के लिए प्रस्थान कर दोपहर 2.30 बजे पहुंचेगी। यात्रा 18 सितंबर को झुंझुनंू जिले में रहेगी। यात्रा 19 सितंबर को जिले के नीमकाथाना के मावंडा में दोपहर 2 बजे पहुंचेगी जहां पर स्वागत सभा होगी। यहां से यात्रा नीमकाथाना के लिए प्रस्थान कर दोपहर 2.30 बजे पहुंचेगी जहां पर आमसभा होगी। यहां से यात्रा आगे के लिए प्रस्थान कर जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले में यात्रा के प्रति आमजन में उत्साह है। कांग्रेस सरकार से आमजन में आक्रोश है। आने वाले विधानसभा चुनावों में जनता कांग्रेस को सबक सिखाते हुए भाजपा की सरकार बनाने के लिए आतुर है। यात्रा का स्वागत आमजन जोश और उमंग से कर रहा है। कांग्रेस सरकार के प्रति अविश्वास का माहौल है।
कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फैकने के लिए भाजपा निकाल रही है परिवर्तन संकल्प यात्रा : सांसद सुमेधानंद सरस्वती
भाजपा सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती ने कहा कि कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फैकने के लिए भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा को लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। यात्रा का जिले में जबरदस्त स्वागत किया जाएगा। आमजन की भावना भाजपा की नीतियों व विचारधारा के साथ जुड़ी हुई है। परिवर्तन संकल्प यात्रा की सफलता को देखते हुए कांग्रेस सरकार में बौखलाहट हो रही है। कांग्रेस के नेता अमर्यादित बयान दे रहे हैं।
गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा सांसद सुमेधानंद ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि सनातन को लेकर कांग्रेस के नेता द्वारा दिए गए बयान पर सोनिया गांधी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा बयान क्यों नहीं दे रहे हैं। जबकि भारत की सनातन संस्कृति पर उन्हीं के नेता ने अमर्यादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने उज्वला गैस कनेक्शन में गत वर्षों में 9 करोड़ 60 लाख से अधिक कनेक्शन दिए है। अब केंद्र सरकार ने 75 लाख कनेक्शन ओर देने की निर्णय किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में जी20 सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित करवाकर पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ाने का काम किया है। विश्व के नेता भी मोदी की तारीफ कर रहे हैं।
इस दौरान यात्रा के सह संयोजक डॉ. कमल सिखवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष इंद्रा चौधरी, पूर्व विधायक गोरधन वर्मा, जिला महामंत्री भंवरलाल वर्मा, मीडिया संयोजक जितेंद्र माथुर, प्रवक्ता ओमप्रकाश बिजारणियां, सोशल मीडिया जिला सहसंयोजक मयंक शर्मा, भंवरलाल जांगिड़, मनोहरलाल सैनी आदि मौजूद रहे।