


भाजपा के निलंबित विधायक और पूर्व विधानसभाअध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने कहा कि मैंने पार्टी के नोटिस का विधिवत रूप से समय रहते जवाब दिया है। इसके बावजूद भी मुझे साजिश के तहत निलंबित किया है। उन्होंने कहा कि कानून राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल भ्रष्ट है इसके प्रमाण भी मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर दिए थे। उन्होंने कहा कि अर्जुन लाल मेघवाल ने महाराष्ट्र में एक व्यक्ति को टिकट दिलाने के लिए डेढ़ करोड़ रुपए लिए थे । जब टिकट नहीं मिला तो पैसे वापस लेने की बात कही गई थी लेकिन नहीं दिए गए।
बुधवार को पिंक सिटी प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मेघवाल ने कहा कि मैं पार्टी का निष्ठावान कार्यकर्ता हूं और कोई जमाने में मैं पार्टी का हीरो कहलाता था आज मुझे जीरो बना दिया है। उन्होंने कहा कि मैं चुनाव लड़ूंगा और निश्चित तौर पर भाजपा के उम्मीदवार को 1 लाख वोटों से हराऊंगा।
उन्होंने कहा कि अर्जुन लाल मेघवाल उद्योग विभाग में काम करता था और अदर सर्विसेज के तहत आईएस बना और चूरू के कलक्टर रहते हुए उसने घोटाले किए । उसकी जांच चल रही है कोर्ट से स्टे मिला हुआ है। एक मामले में एसीबी में मामला विचाराधीन है । मैंने तथ्यात्मक और दस्तावेजों के आधार पर अर्जुन लाल मेघवाल पर आरोप लगाए थे आज भी मैं उन पर कायम हूं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे गुट को साजिश के तहत समाप्त करने की तैयारी की जा रही है।
कैलाश मेघवाल ने कहा कि मौजूदा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मूल रूप से एनएसयूआई से आए हैं उन्होंने पार्टी के खिलाफ वल्लभनगर में भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ गया था। उन्होंने कहा कि प्रतिपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़ जनता पार्टी से आए हैं ऐसे में मौजूदा स्थिति में पार्टी की विचारधारा के लोग है ही नहीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 और 13 में भाजपा की यात्राओं में मैंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लेकिन मौजूदा चारों परिवर्तन यात्रा में मुझे साइडलाइन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मेरे प्रयास से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शाहपुरा को जिला बनाया है और विकास की गति तेज की है। उन्होंने कहा कि 65 साल के बाद इस जगह को महत्व मिला है और उसका विकास में तेजी से करा कर रहूंगा ।