

भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा को लेकर सोमवार को पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राजसमंद सांसद दिया कुमारी ने कहा कि प्रदेश में आज महिलाओं के भीतर असुरक्षा की भावना पैदा हुई है। मै खुद महिला हूं और मुझे राजस्थान में डर लगता है। राजस्थान में महिला अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाएं देखते हुए रात तो बहुत दूर की बात है, दिन में भी बाहर निकलने से डर लगता है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राजसमंद सांसद दिया कुमारी ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन सनातन धर्म को लेकर किस तरह की बातें करता है यह भी हम सब जानते हैं। वो लोग सनातन धर्म को खत्म करने की बात कर रहे है। हमारे भारत में रहते हो और यह सब बोलते हो। ऐसी पार्टी से कांग्रेस एलाइंस कर रही है, यह भी सोचने का विषय है। यह लोग हमारे देश को कमजोर कर रहे हैं और तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं। पिछले साल कन्हैया मर्डर केस को हम सब ने देखा है लेकिन इसकी जांच इतने खराब तरीके से की थी कि इनमें से एक आरोपी बरी हो गया। इसके अलावा जयपुर बम ब्लास्ट के भी आरोपी बरी हो गए।
रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर ने कहा कि मुझ पर हत्या और राष्ट्रद्रोह का गलत आरोप लगाकर विधानसभा से निलंबित करवाया गया है। मुख्यमंत्री ने मां का दूध पिया है तो मुझे गिरफ्तार करके दिखाएं। मैंने किसी की हत्या नहीं की है। इसके बाद भी कांग्रेस के एक मंत्री से मेरे खिलाफ 302 का मुकदमा करवाया गया है। मैं अभी भी 302 का मुलजिम हूं। इससे पहले उन्होंने मुझ पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा करवाया था। 124ए में मुकदमा दर्ज हुआ, इससे भी मैं नहीं डरा तो विधानसभा से निलंबित करवाया गया। मुख्यमंत्री में हिम्म्ता है तो हत्या के अपराध में मुझे गिरफ्तार करके बताएं। यदि हिम्मत है तो 124 ए राष्ट्रद्रोह में गिरफ्तार करके दिखाए उन्हे नानी याद दिला दूंगा।
प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष चुन्नीलाल गरासिया, चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष मिट्ठूलाल जाट, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला प्रमुख सुरेश धाकड़,यात्रा जिला संयोजक रघु शर्मा, जिला मीडिया संयोजक सुधीर जैन, जिला प्रमुख सुरेश धाकड़, यात्रा जिला सह संयोजक पारस जैन ,सह जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ,विधानसभा संयोजक रणजीत सिंह भाटी, भूमि विकास बैंक के चेयरमैन बद्रीलाल जाट, भाजयुमो पूर्व जिला अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह,भाजयुमो नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।