

बड़ी सादड़ी के घंटाघर चौराहे पर स्वागत सभा को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद एंव प्रदेश महामंत्री दिया कुमारी ने कहा कि गंगापुर में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना गहलोत सरकार के राज में हुई है। एक महिला को अपहरण कर दरिंदगी व मारपीट की गई और हद तो तब हुई जब महिला को निर्वस्त्र कर रोड पर बेहाल छोड़ दिया गया। राजस्थान के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 1 महीने में तीन ऐसी जघन्य घटनाएं हुई है जिसने प्रदेश की महिलाओं में एक भय का माहौल व्याप्त कर दिया है प्रदेश में महिला अस्पताल, पुलिस स्टेशन, बस स्टैंड, मुख्य चौराहाओं व सार्वजनिक स्थान कहीं पर भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज बलात्कार, अपहरण और भ्रष्टाचार का गढ़ बन चुका है प्रदेश। प्रतिदिन 17 बलात्कार और पांच हत्याएं एक बडा आंकडा है। कांग्रेस सरकार के राज में 11 लाख से अधिक अपराध के मामले दर्ज हो चुके है। एनसीआरबी के आंकड़ों पर नजर डालें तो राजस्थान महिला अपराध में देश में नंबर वन है। यह कोई गर्व की नहीं बल्कि शर्म की बात है और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आंखों पर पट्टी बांधे पूरे 5 साल सरकार बचाने में लग रहे और महिलाओं की आबरू लुटती रही।
भाजपा सांसद एंव प्रदेश महामंत्री दिया कुमारी दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान में महिला अपराध की पराकाष्ठा हो चुकी है शायद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भूल गए हैं कि राजस्थान रानी पद्मावती ,पन्नाधाय और हाड़ी रानी जैसी वीर नारियों के इतिहास के लिए जाना जाता है। राजस्थान की महिलाएं अपना शौर्य किसी भी क्षेत्र में दिखाने से नहीं चूकती अब राजस्थान में महिलाओं ने परिवर्तन का संकल्प ले लिया है, और राजस्थान के 2023 के विधानसभा चुनाव में इस महिला विरोधी गहलोत सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाकर महिलाएं एक भयमुक्त वातावरण के लिए भारतीय जनता पार्टी का चुनाव करेंगी और प्रदेश में भाजपा की सुशासन और महिलाओं को सुरक्षा देने वाली सरकार होगी।
भाजपा सांसद एंव प्रदेश महामंत्री दिया कुमारी ने कहा कि मैंने देखा है कि पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी बढ़ चढकर इस संकल्प यात्रा में भाग लिया है। राजस्थान के गांव गांव ढाणी से महिलाओं समेत सभी वर्गों का अपार जन समर्थन मिल रहा है यह जन समर्थन देखकर राजस्थान में एक विश्वास का माहौल बना है। राजस्थान के पांच जिले डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, उदयपुर और चित्तौड़ जिले में यह यात्रा निकाली जा चुकी है।
स्वागत सभा में यात्रा संयोजक चुन्नीलाल गरासिया, प्रदेश महामंत्री दामोदर अग्रवाल, यात्रा सहसंयोजक प्रमोद सांभर, प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल, चित्तौड़गढ़ जिला अध्यक्ष मिट्ठू लाल जाट, बड़ी सादड़ी विधायक ललित ओस्तवाल, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, पूर्व महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अलका मूंदड़ा, मौजूद रहे, स्वागत सभा में सैकड़ो की संख्या में स्थानीय निवासियों, भाजपा मंडल पदाधिकारी व भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।