


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सीडब्ल्यूसी के सदस्य और टोंक विधायक सचिन पायलट ने कहा है कि कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।राजस्थान में फिर से हम कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।
भाजपा की तरफ से निकाली जाने वाली परिवर्तन संकल्प यात्रा को लेकर कहा कि भाजपा की यात्रा में संसाधन है, बैनर है, होर्डिंग है सब कुछ है, लेकिन पब्लिक नहीं है । उन्होंने कहा कि पब्लिक भी अब समझ चुकी है कि भाजपा ने साढ़े चार साल में विपक्ष की कोई भूमिका तो निभाई नहीं लेकिन अब वोट बटोरने के लिए यात्रा निकाल रही है।
उन्होंने केंद्र की भाजपा गठबंधन सरकार को कोसते हुए कहा कि 9 साल में कोई कार्य तो किया नहीं न तो महंगाई, बेरोजगारी न ही किसानों और न ही नोजवानो के हितों में काम किया। जिससे कि किसान,नोजवान सहित देश की जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि 9 साल के कार्यो का जनता भी आंकलन करेगी।
पायलट ने निवाई में रविवार को कांग्रेस की होने वाली जनसभा की तैयारियों का जायजा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस मुद्दों पर चुनाव लड़ती है। जबकि भाजपा की कोशिश होती है धर्म ,जाति के नाम से लोगों का महत्त्वपूर्ण मुद्दों से ध्यान हटा करके वोट हासिल करने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा भाई को भाई से एक -दूसरे को धर्म के नाम से तो किसी को जाति के नाम से लड़ाती है।
पायलट ने कहा कि पूर्व में राहुल गांधी और अब रविवार को निवाई में राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की बड़ी जनसभा होगी। उन्होंने कहा कि यह सभा ऐतिहासिक होगी जिसमें टोंक जिले सहित आसपास के जिलों से काफी लोग शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी और कार्यकर्ता आपस में मिल करके चुनाव लड़ेंगे केवल राजस्थान ही नही बल्कि केंद्र में भी कांग्रेस की सरकार बनाएंगे ताकि राजस्थान सहित देश विकास की राह पर आगे बढ़ सकेगा।
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के साथ देवली-उनियारा विधायक हरीश चंद्र मीणा, निवाई विधायक प्रशांत बैरवा,मदरसा बोर्ड राजस्थान के सदस्य सऊद सईदी, नगर परिषद टोंक के सभापति अली अहमद,कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरिप्रसाद बैरवा आदि थे।