Saturday, 29 August 2026

सीएम ने 149 शिक्षकों का किया सम्मान:विद्यार्थियों को उच्च संस्कार देकर समाज सेवा की भावना विकसित करें शिक्षक: गहलोत


सीएम ने 149 शिक्षकों का किया सम्मान:विद्यार्थियों को उच्च संस्कार देकर समाज सेवा की भावना विकसित करें शिक्षक: गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में एक से बढ़कर एक निर्णय किये हैं, जिससे राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। श्री गहलोत ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को उच्च संस्कार देकर उनमें समाज सेवा की भावना विकसित करें। उन्होंने कहा कि उन्नत और खुशहाल राजस्थान बनाने के लिए राज्य सरकार ने मिशन-2030 की शुरुआत की है, जिसमें शिक्षकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस मिशन के माध्यम से विजन डॉक्यूमेंट तैयार कर वर्ष 2030 तक देश के प्रथम राज्यों की पंक्ति में राजस्थान को शुमार करवाना हमारा ध्येय है। 

सीएम गहलोत मंगलवार को बिड़ला सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। समारोह में 50 जिलों के 149 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा उनके सम्मान में प्रकाशित ‘शिक्षक सम्मान’ पुस्तिका का विमोचन भी किया। साथ ही, भोपाल में आयोजित 66वें राष्ट्रीय स्कूल टूर्नामेंट में व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले 6 खिलाड़ियों का भी सम्मान किया। 

सीएम गहलोत ने कहा कि राजस्थान अब काफी बदल चुका है। शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ ही प्रत्येक क्षेत्र में प्रदेश काफी आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाएं देश के अन्य राज्यों के लिए मिसाल बन रही है और इन योजनाओं को आधार बनाकर कई राज्यों की सरकारें अपने मेनीफेस्टो तैयार कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से हर जरूरतमंद व्यक्ति तक राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया। 

सीएम गहलोत ने कहा कि हम सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर रहेे हैं। महात्मा गांधी की सोच के अनुरूप अंतिम व्यक्ति को ध्यान में रखकर राज्य सरकार अपनी योजनाएं तैयार कर रही है। इन योजनाओं से हर वर्ग को राहत मिल रही है। स्वास्थ्य का अधिकार अधिनियम, न्यूनतम आय की गारंटी अधिनियम एवं गिग वर्कर्स के कल्याण के लिए बनाए गये कानून जैसे निर्णय ऐतिहासिक हैं, जिनकी सर्वत्र सराहना हो रही है।  उन्होंने कहा कि राज्य में प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जा रहा है, जो अन्यत्र कहीं नहीं है। राज्य में लगभग 1 करोड़ लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। प्रदेश में 1.50 लाख किलोमीटर लम्बाई की सड़कें बन रही हैं। आर्थिक विकास दर में राजस्थान उत्तरी भारत में प्रथम एवं देश में दूसरे स्थान पर है। 

सीएम गहलोत ने कहा कि ओपीएस बहाली का निर्णय राजनीतिक वजह से नहीं बल्कि मानवीय दृष्टिकोण से किया गया है। वर्षों तक सरकार की सेवा करने वाले कर्मचारियों को केवल शेयर बाजार के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि ओपीएस बहाली के बारे में किसी ने सोचा भी नहीं था। इस फैसले से देश के अन्य राज्यों में भी हलचल हुई और केन्द्र सरकार को भी इस सम्बन्ध में कमेटी बनानी पड़ी। इसी प्रकार कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने के लिए आरजीएचएस योजना लागू की गई है। 

शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने कहा कि शास्त्रों में गुरू का स्थान ईश्वर से भी ऊंचा बताया गया है। शिक्षक समाज में निरंतर आदर्श प्रस्तुत कर नई पीढ़ी के प्रेरणास्रोत बनें तथा विद्यार्थियों को संस्कार देकर उन्हें सांस्कृतिक प्रदूषण से बचाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में शिक्षा को आगे बढ़ाने के लिए महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खोलने सहित विभिन्न कदम उठाए हैं। 

समारोह में शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमती जाहिदा खान, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री राजेन्द्र सिंह यादव, तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग, शासन सचिव स्कूल शिक्षा विभाग नवीन जैन, माध्यमिक शिक्षा निदेशक कानाराम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।



    Previous
    Next

    Related Posts