Saturday, 29 August 2026

भाजपा की परिवर्तन यात्रा को किया रवाना: सनातन धर्म के बारे में डीएमके के बयान के बारे में कांग्रेस अपना स्पष्टीकरण दें: राजनाथ सिंह


भाजपा की परिवर्तन यात्रा को किया रवाना: सनातन धर्म के बारे में डीएमके के बयान के बारे में कांग्रेस अपना स्पष्टीकरण दें: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार फैला हुआ है और कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में दोनों व्यवस्था हैं खराब हो वहां का विकास कभी भी संभव नहीं है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे अच्छे शासन के लिए भाजपा शासन में लाने का काम करें।

मंगलवार को रामदेवरा में भाजपा की परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 56 महीने में ही 10 लाख मुकदमे दर्ज होते हैं। उन्होंने कहा कि 6000 से अधिक निर्दोष लोग मारे जाते हैं। 31 हजार रेप के मामले दर्ज होते हो उस राज्य का क्या हाल होगा यह तो आप ही बता सकते हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि चंद्रयान-3 ने तो चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतर कर भारत का नाम दुनिया में रोशन कर दिया है। लेकिन राहुल गांधी का यान कभी भी सफल होने वाला नहीं है। राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अगर सनातन धर्म के मामले में कांग्रेस को अपना स्पष्ट सोच उजागर करना चाहिए। उन्होंने इंडिया गठबंधन पर सवाल खड़ा किया और कहा कि वे डीएमके के सोच के बारे में अपना स्पष्टीकरण दें।

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एंव पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि बाबा रामदेवरा की यह धरती प्रेम के बंधन में बांधने वाली धरती है। आप लोग याद कीजीए यह वही धरती है जहां 11 मई 1998 को परमाणु परीक्षण किया गया था। आज उस भूमि पर हम खडे हैं। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में हमारी सरकार ने हमेशा दुश्मनों को मुहंतोड जवाब दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चलते आज हमारे देश की साख और धाक बनी है। चाहे 2003 की रथ यात्रा हो या 2013 की हमें सदैव मारवाड की जनता ने आशीर्वाद दिया है। 2003 में मारवाड की 31 सीटों में से हमें 23  सीटों देने का काम किया। उसके बाद परिसीमन हुआ और 2013 के चुनाव में 33 शीटों में से 30 सीटों पर जिताकर भेजा।

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एंव पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि हमारी सरकार ने पोकरण मे कॉलेज और महिला कॉलेज खोलने का काम किया। रामदेवरा धाम की पैदल यात्रा के लिए हमारी सरकार ने जो मार्ग बनाया था गहलोत सरकार उसको भी सही नहीं रख पाई और वह आज जर्जर हो गया है। किसानों से कर्जमाफी का झूंठा वादा करके कांग्रेस सत्ता में आई थी। और आज प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज ही नहीं है। हत्या, दुष्कर्म, गैंगवार और सायबर अपराध में आज नंबर वन बन चुका है। द्रौपदी मुर्मु जैसे लोग आज देश के सर्वोच्च पद पर काबिज हैं। यह जनजाति का ही नहीं बल्कि महिलाओं का भी मान सम्मान बढ़ाने का काम किया है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि रामदेवरा की धरती पर प्रदेश के लोग बाबा से आशीर्वाद लेने आते हैं। इस धरती के लोगों को पता है कि बीते पौने पांच सालों में कांग्रेस सरकार ने खून के आंसू रूलाया है। आप याद कीजीए इस बार भी चुनाव उसी दिसंबर माह में है जिस दिसंबर में विवादित ढांचा गिराने पर हमारी सरकार को राजस्थान में गिराया गया था। आप सभी यहां से संकल्प लेकर जाएं की 2023 के चुनाव में प्रदेश में कमल खिलाना है। 

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान पहले विकास में अग्रणी प्रदेशों में गिना जाता था। उस प्रदेश को आज दुष्कर्म, पेपर लीक, भ्रष्टाचार, दलित उत्पीडन और तुष्टिकरण में नंबर वन बनाने का काम कांग्रेस सरकार ने किया है। इंडी एलायंस के नेता सनातन धर्म को खत्म करने की बात करते हैं तो उन्हे बता देना चाहता हूं, इस देश में शक, हूण, कुषाण, गौरी, गजनवी, गुलाम, खलीफा, अरब, तुर्क, मुगल, यवन और ना जाने कितने आंक्रांता आए लेकिन सनातन धर्म का कोई कुछ नहीं बिगाड पाया। कांग्रेस राज में अलगाववादी ताकतें प्रबल हो जाती हैं। जिसके चलते करौली, भीलवाडा, टोंक में दंगे होते हैं। ये लोग भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते हैं। 

नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि रामदेवरा की धरती से परिवर्तन संकल्प यात्रा का आगाज करने के लिए हमारे बीच देश की तीसरी सबसे बडी सेना का नेतृत्व करने वाले राजनाथ सिंह मौजूद हैं। इनके कुशल नेतृत्व के चलते आज भारत लगभग 80 देशों को स्वनिर्मित हथियार निर्यात करने लगा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसान फसल बीमा के नाम से किसानों को सुरक्षा चक्र दिया था। लेकिन प्रदेश की गहलोत सरकार के राज में उस फसल बीमा के पैसों को भी खा गए। पोकरण में आज पीने का पानी तक दूषित मिलता है। सबसे बडा भ्रष्टाचार पोकरण की नगरपालिका में चल रहा है। जहां पिछले कुछ ही समय के भीतर 15 अधिशाषी अधिकारियों का तबादला करना पडा। 

केंद्रीय कानून राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे खिलाफ कांग्रेस के लोग भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस के लोग कहते हैं कि भाजपा सत्ता में आई तो आरक्षण खत्म कर देगी। कभी कहते है कि संविधान बदल देंगे, एैसा दुष्प्रचार करने वाले लोगों को यह पता होना चाहिए कि मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब संविधान को हाथी पर रखकर जनता के बीच पहुुंचे थे। 

केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध इस कदर बढा है कि लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। प्रदेश में बिजली संकट गहरा चुका है, किसानों की फसलें सूख रही हैं। प्रदेश की गहलोत सरकार ने प्रदेश के हर वर्ग को निराश किया है।   

भाजपा परिवर्तन संकल्प यात्रा के तीसरे रथ को आज रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रामदेवरा से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान रामदेवरा धाम में विशाल जनसभा का आयोजन भी किया गया। जनसभा को भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी, प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, प्रदेश सह-प्रभारी विजया राहटकर, यात्रा संयोजक सांसद राजेन्द्र गहलोत और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।  


Previous
Next

Related Posts