Saturday, 29 August 2026

प्रदेश का हर वर्ग कांग्रेस सरकार के राज से दुखी, इसलिए परिवर्तन संकल्प यात्रा का आगाज जरूरीः विजया राहटकर


प्रदेश का हर वर्ग कांग्रेस सरकार के राज से दुखी, इसलिए परिवर्तन संकल्प यात्रा का आगाज जरूरीः विजया राहटकर

भाजपा परिवर्तन संकल्प यात्रा के तीसरे चरण की तैयारियो को लेकर भाजपा प्रदेश सह-प्रभारी विजया राहटकर ने रविवार को जैसलमेर में प्रेसवार्ता को संबोधित किया। इस दौरान सह-प्रभारी विजया राहटकर ने कहा कि प्रदेश में महिला उत्पीडन, भ्रष्टाचार, दलित उत्पीडन, युवाओं और किसानों से वादाखिलाफी सहित तुष्टिकरण के खिलाफ प्रदेश में चार चरणों में परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। 

यात्रा के पहले चरण की शुरूआत सवाईमाधोपुर से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की थी। दूसरे चरण की यात्रा बेणेश्वर धाम से आज गृहमंत्री अमित शाह कर रहे हैं। जबकि तीसरी यात्रा की शुरूआत रामदेवरा से केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। चौथी परिवर्तन यात्रा की शुरूआत हनुमानगढ के गोगामेडी से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। प्रदेश की कांग्रेस सरकार के राज में प्रदेश के भीतर महिलाएं सुरक्षित नहीं नादौती की घटना हो या भीलवाडा के कोटडी की घटनाएं जहां दुष्कर्म के बाद नाबालिग को भट्टी में जला दिया गया। हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार व्याप्त है। सरकार के सचिवालय में नकदी और सोना पकडा जाता है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड किया गया। हर भर्ती के पेपर सरकार की सरपरस्ती में लीक हो रहे हैं। किसानों के साथ कर्जमाफी के नाम पर वादाखिलाफी की गई, जिसके कारण प्रदेश में 19,500 से ज्यादा किसानों की जमीनें नीलाम हो गई। किसान आत्महत्या करने को  मजबूर हो गया है। 

प्रदेश सह-प्रभारी विजया राहटकर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने तुष्टिकरण की हदें पार कर दी हैं। हिंदु त्यौंहारों पर रोक लगाई जा रही है। नववर्ष और हनुमान जयंती पर निकलने वाली शोभायात्राओं पर रोक लगाई जाती है, और पीएफआई जैसे आंतंकी संगठनों को रैली निकालने की छूट दी जाती है। उदयपुर में कन्हैयालाल की आतंकियों द्वारा हत्या जैसे अपराध इस कांग्रेस सरकार के राज में हुए हैं। प्रदेश का हर वर्ग इस सरकार से पूरी तरह तंग आ चुका है। इसके लिए भाजपा प्रदेश में परिवर्तन के लिए यह परिवर्तन यात्रा 200 विधानसभा क्षेत्रों में निकाल रही है। जिसमें हर वर्ग के लोगों से संवाद होगा। महिलाओं, किसानों की चौपालें आयोजित होंगी और जनता के बीच जाकर उनका दर्द सुना जाएगा।



    Previous
    Next

    Related Posts