Saturday, 29 August 2026

अंतरराष्ट्रीय बांध सुरक्षा सम्मेलन 14 -15 सितम्बर को जयपुर में: बांध सुरक्षा प्रबंधन के बारे में सीखने का यह सुनहरा अवसर- उषा शर्मा


अंतरराष्ट्रीय बांध सुरक्षा सम्मेलन 14 -15 सितम्बर को जयपुर में: बांध सुरक्षा प्रबंधन के बारे में सीखने का यह सुनहरा अवसर- उषा शर्मा

मुख्य सचिव उषा शर्मा ने कहा कि इस वर्ष अन्तरराष्ट्रीय बांध सुरक्षा सम्मेलन राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में 14-15 सितम्बर को आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे राज्य के लिए बांध सुरक्षा प्रबंधन के बारे में सीखने का यह एक सुनहरा अवसर है। 

मुख्य सचिव उषा शर्मा शुक्रवार को शासन सचिवालय में सम्मेलन की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने केन्द्र के जल शक्ति मंत्रालय से आए प्रतिनिधियों से सम्मेलन की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की तथा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किये। उन्होंने अधिकारियों को सम्मेलन के दौरान यातायात प्रबंधन, ठहरने की व्यवस्थाएं, सुरक्षा, एस्कॉर्ट वाहन, एम्बुलेंस सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को सम्मेलन में भाग लेकर बांध सुरक्षा की नवीनतम तकनीकों को जानने एवं समझने के लिए कहा।

उन्होंने बताया कि पुनर्वास और सुधार परियोजना चरण द्वितीय व तृतीय के तहत अंतरराष्ट्रीय बांध सुरक्षा सम्मेलन- 2023 का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ मुख्य अतिथि होंगे। 

जल शक्ति मंत्रालय में विशेष सचिव सुश्री देबश्री मुख़र्जी ने बताया की इस सम्मेलन में देश के सभी राज्यों द्वारा बांध सुरक्षा की दिशा में किये जा रहे कार्यों के बारे में चर्चा की जाएगी। साथ ही बांध सुरक्षा की नवीनतम तकनीकों पर प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी तथा शोध पत्र प्रस्तुत किए जायेंगे। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में विदेशी प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। 

उल्लेखनीय है कि यह सम्मेलन भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग के तत्वावधान में विश्व बैंक,  जल संसाधन विभाग, राजस्थान,  केंद्रीय जल आयोग, राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण, एमएनआईटी जयपुर, वैपकोस (WAPCOS) लिमिटेड के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

बैठक में जल शक्ति मंत्रालय के प्रतिनिधि, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता श्री रवि सोलंकी तथा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



    Previous
    Next

    Related Posts