


लघु उद्योग भारती की अखिल भारतीय कार्यसमिति व कार्यकारिणी की बैठक नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह व संपर्क अधिकारी डॉ. कृष्ण गोपाल और अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाशचंद के सानिध्य में संपन्न हुई। जोधपुर प्रांत अध्यक्ष महावीर चौपड़ा ने बताया कि बैठक में सत्र 2023-25 के लिए लघु उद्योग भारती की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें घनश्याम ओझा को राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ओमप्रकाश गुप्ता को राष्ट्रीय महासचिव मनोनीत किया गया। लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रांत के सभी पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों ने दोनों के मनोनयन पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि घनश्याम ओझा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना उनके लिए गर्व की बात है। महावीर चौपड़ा के नेतृत्व में कार्यकारिणी सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल भी दिल्ली में मौजूद रहा और ओझा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर नए सदस्यों के चेक भेंट किए।
लघु उद्योग भारती के संपर्क अधिकारी डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि लघु उद्योग भारती एक विराट राष्ट्रीय अर्थतंत्र को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लघु उद्योगों की सहायक संस्था है। हमारा कार्य वर्तमान उद्योगों को संचालित करने में आ रही बाधाओं को दूर करना एवं नए लघु उद्योगों की स्थापना के मार्ग को प्रशस्त करने में प्रोत्साहक की भूमिका निभाने का है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाशचन्द ने पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए कहा कि लघु उद्योगों के हितार्थ काम करने वाला यह सबसे बड़ा संगठन बन गया है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओझा ने लघु उद्योगों की अर्थव्यवस्था में महत्व को बताते हुए कहा कि देश में उद्योगों के विकास के लिए उनकी सभी समस्याओं के निस्तारण का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष शांतिलाल बालड़, प्रदेश महामंत्री योगेन्द्र कुमार शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, जोधपुर प्रांत महासचिव विनय बम्ब, प्रांत कोषाध्यक्ष नितिन सालेचा और प्रांत संयुक्त महामंत्री सुरेश कुमार आदि उपस्थित थे।