


भाजपा के केंद्रीय प्रवासी विधायक दीवान सिंह बिष्ठ ने कहा हैं कि कांग्रेस टोंक से पायलट को चुनाव लड़ाएं या किसी अन्य को इससे भाजपा पर कोई फर्क नही पड़ेगा।अब तो भाजपा ही चुनाव जीतेगी साथ ही राजस्थान में भाजपा को बहुमत मिलेगा तथा सरकार भी भाजपा की ही बनेगी।
उन्होंने कहा कि पिछले सात दिनों से टोंक विधानसभा क्षेत्र में जनसम्पर्क किया है जनता पायलट को वोट देकर खुद की ठगा सा महसूस कर रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने पायलट को मुख्यमन्त्री के रूप में प्रचारित करके वोट लिए थे लेकिन न तो मुख्यमन्त्री बनें न ही जनता कलसे किए गए वायदों को पूरा किया।
उत्तराखंड की रामनगर सीट से भाजपा विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने पत्रकारों से बातचीत में केंद्र की मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं राजस्थान प्रदेश की सरकार की विफलताओं की चर्चा की।उन्होंने कहा कि राजस्थान की गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार आमजन को राहत पहुंचाने की योजनाओं में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार कर जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
सात दिन के विधानसभा के प्रवास के बारे में जानकारी देते हुए भाजपा विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने बताया कि उन्हें आमजन और कार्यकर्ताओं ने बताया कि टोंक विधानसभा में कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। राजस्थान में पेपर लीक,भ्रष्टाचार आम बात हो चुकी है।बिष्ठ ने कहा कि प्रदेश में एवं विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी का मजबूत जन आधार है और क्षेत्र की जनता इन पांच सालों में कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों के भ्रष्टाचार से त्रस्त हो चुकी है तथा बदलाव के लिए विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार हर घर जल,कौशल विकास,शिक्षा, चिकित्सा जैसी योजनाओं पर काम कर रही हैं, लेकिन राज्य सरकार उन योजनाओं को पूरा नहीं कर रही है, जिसके चलते प्रदेश वासियों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
केंद्रीय प्रवासी विधायक दीवान सिंह बिष्ठ ने कहा निश्चित तौर पर टोंक और राजस्थान की जनता सरकार बदलने का मन बना चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में भाजपा भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और टोंक विधानसभा में भाजपा का कमल खिलेगा। प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पराणा,जिला महामंत्री विष्णु शर्मा,जिला उपाध्यक्ष बेनी प्रसाद जैन,भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री चंद्रवीर सिंह, कमलेश यादव, गणेश सैनी भी मौजूद थे।