


वेबसाइट बनाकर पर्यटकों को लड़कियों की फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर उपलब्ध करा रकम तय होने के बाद सुनसान जगह बुला मारपीट कर लूट करने के मामले में प्रताप नगर थाना पुलिस की टीम ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर एक तलवार, 10 मोबाइल, दो हिसाब की डायरी और दो कार जब्त की है।
एसपी भुवन भूषण यादव ने बताया कि अभियुक्त प्रीतम सिह) निवासी मौहब्बपुरा थाना रेनवाल, मनीष चौधरी निवासी पवालिया थाना महुवा मण्डी, अशोक सैन निवासी बगरू, सुबराती खान निवासी साकुन्द थाना नरेना एवं दीपक कुमार मीणा निवासी कचनार थाना मौजवाबाद जिला जयपुर को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी यादव ने बताया कि पिछले तीन-चार महीनों में इस गिरोह द्वारा सैकड़ों लोगों को शिकार बनाया गया है। इनकी गैंग का सरगना राकेश कुमार मीणा है। जिसने वेबसाइट पर अलग-अलग फोन नंबर लिंक कर रखे हैं। कॉल गर्ल के लिए इस वेबसाइट पर संपर्क करने वाले व्यक्ति को तुरन्त मोबाइल पर संपर्क होता है। उसके बाद व्हाट्सएप पर खूबसूरत लड़कियों के फोटो भेज कर संबंध बनाने और बातचीत करने के बारे में एक निश्चित रकम तय की जाती है।
उसके बाद इस गिरोह के लोग टारगेट को निश्चित रकम लेकर किसी सुनसान स्थान पर बुला हथियार दिखा लूट लेते हैं। पीड़ित भी बदनामी के डर से पुलिस को रिपोर्ट दर्ज नहीं कराता। इसकी वजह से इनके हौसले बुलंद होते जा रहे थे।
एसपी यादव ने बताया कि उनके संज्ञान में आने पर आसूचना एकत्रित कर सोमवार को एडिशनल एसपी अनंत कुमार व सीओ शिप्रा राजावत और एसएचओ प्रताप नगर हिमांशु सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा सुखा नाका रोड पर पुलिसकर्मी को बोगस ग्राहक बनाकर एक टीम भेजी। इसके बाद पुलिस ने इस गोरखधंधे का खुलासा किया।