


भीलवाड़ा से अलग होकर बना नया शाहपुरा जिले के स्थापना और उद्घाटन समारोह में लोगों ने सीमांकन का जमकर विरोध किया। शाहपुरा में राजकीय महाविद्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में हुडा और गुलाबपुरा क्षेत्र के प्रस्तावित नक्शे से हटाकर भीलवाड़ा में ही रखने की मांग को लेकर लोगों ने जमकर विरोध किया।
इस विरोध के चलते कार्यक्रम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा । इस लाठीचार्ज में 1 दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
शाहपुरा में जिले की स्थापना कार्यक्रम में प्रातः काल 11:30 जलदाय मंत्री डॉ. महेश जोशी पहुंचे जिन्हें प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाए और धीरे-धीरे यह विरोध तेज हो गया।
प्रदर्शनकारी सैकड़ों की तादाद में कॉलेज की दीवार फांद कर कार्यक्रम स्थल में पहुंचने की कोशिश करने लगे वहां पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ने पर आरएसी के जवानों ने लाठीचार्ज कर दिया इससे प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और उन्होंने पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने का काम किया जिसमें 12 से अधिक कार्यकर्ता घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए भीलवाड़ा रेफर किया गया।