


भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि पार्टी में जिन कार्यकर्ताओं को जो काम दिया जाए उसे समय सीमा के भीतर पूरी निष्ठा के साथ पूरा किया जाए। आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर तैयार रहेें और सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करें। दायित्व मिलने के बाद उसी दिन से उस पर काम करना शुरू करें और उसकी निगरानी जरूर करें। आप सभी के सामने ‘‘नहीं सहेगा राजस्थान अभियान’’ एक उदाहरण है। बेहतर निगरानी के चलते ही यह अभियान सफल हो पाया।
बुधवार को भाजपा मुख्यालय पर चुनाव प्रबंधन और आगामी 3 महीने की कार्य योजना तैयार करने और सुझाव के लिए आयोजित कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जोशी ने कहा कि कार्यकर्ता यह ना सोचे कि उसके काम को कोई देख नहीं रहा। संगठन में काम को जांचने वाली और परखने वाली हजारों आंखे होती हैं। लाभार्थियों के पास जाकर मोदी सरकार की योजनाओं की समीक्षा करें। टोली बनाकर सामंजस्य से काम करें और विजय संकल्प के साथ जुट जाएं।
प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर मिश्रा ने कहा कि आज की इस कार्यशाला में बूथ स्तर से लेकर मंडल और विधानसभा स्तर तक के सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई है। प्रदेश में कांग्रेस राज के भीतर महिला उत्पीडन, भ्रष्टाचार, बदहाल कानून व्यवस्था, युवाओं, दलितों और किसानों पर होने वाले अत्याचारों के खिलाफ भाजपा की ओर से आगामी अभियान और कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है। जिसमें अगस्त सितंबर और अक्टूबर तीन माह में होने वाले तमाम आयोेजनों की बूथ स्तर से लेकर विधानसभा और जिला स्तर तक के अभियान और कार्यक्रम शामिल हैं। कांग्रेसी परिवारवाद और वंशवाद की इस अमर बेल को जड से उखाडने का संकल्प जनता ले चुकी है।
प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर मिश्रा ने कहा कि आगामी चुनावों में प्रदेश में लाखों नवमतदाता पहली बार वोट डालेंगे। इसके लिए भाजपा युवा मोर्चा की टीम नव मतदाता अभियान के तहत सेल्फी कार्यक्रम भी चला रही है। इस कार्यक्रम के दौरान नवमतदाताओं से कॉलेज, छात्रावास और अन्य स्थानों पर व्यक्तिगत मिलकर राष्ट्र प्रथम के संकल्प से भी जोडा जाएगा। भाजपा की नीतियों और केंद्र सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत कराने का काम किया जाएगा।
चुनाव प्रबंधनगौशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार अजयपाल, जितेन्द्र गोठवाल, संतोष अहलावत, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, मोतीलाल मीणा और दामोदर अग्रवाल ने मोर्चा, प्रकोष्ठ और अन्य भाजपा पदाधिकारियों मौजूद रहे और उन्होंने आगामी तीन माह के कार्यक्रमों की रूपरेखा और रोडमैप पर सुझाव लिए और चर्चा की।