


भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती का पदभार ग्रहण कार्यक्रम रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुआ। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड, उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया, अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी और मोर्चे के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहम्मद सादिक सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। मंच संचालन सिंकदर बक्श और मोईनुदीन शेख ने किया। अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने संबोधित करते हुए कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा गांव गांव और ढाणी ढाणी जाकर प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी सरकार की लोकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार का काम करेगा। मदरसों में तकनीकी शिक्षा को बढावा देना हो या युवाओं को स्किल डवलप के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाना प्रत्येक दिशा में भाजपा की केंद्र सरकार ने काम किया है। सूफी संवाद कार्यक्रम को लेकर पूरे प्रदेश में चलाने के लिए निर्देश भी दिए। वहीं पसमांदा समाज के लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोडने का आह्वान किया। नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड ने अपने संबोधन में कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा की टीम ने लगातार संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम किया है। भाजपा सदैव सबका साथ सबका विकास के उद्देश्य से काम करती है। कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। वहीं दूसरी ओर केंद्र की भाजपा सरकार ने उस्ताद योजना के माध्यम से पारंपरिक कला-कौशल योजना और स्किल पर बल दिया है। अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के लिए मदरसों को हाईटैक करने का काम किसी ने किया है तो वह भाजपा ने ही किया है। अल्पसंख्यक समुदाय के समग्र विकास की दिशा में भाजपा निरंतर प्रयासरत है। उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि भाजपा में सामान्य परिवारों से आने वाले लोगों को उनके परिश्रम का पूरा लाभ मिलता है। भाजपा एक एैसा संगठन है जिसमें सभी मोर्चों और पदाधिकारियों के विचारों और भावनाओं की कदर होती है। केंद्र की मोदी सरकार ने उज्जवला योजना, जनधन खाते और मुफ्त राशन वितरण योजना शुरू की तो उसका लाभ सभी धर्मों और वर्गों को मिला। भाजपा का काम सभी लोगों को साथ लेकर चलने का है, लेकिन कांग्रेस देश को बांटने का काम करती है। कांग्रेस की अल्पसंख्यक विरोधी नीतियों को लेकर जोधपुर की सरदारपुरा विधानसभा से होगी आंदोलन की शुरूआतः हमीद मेवाती अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद मेवाती ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में 40 विधानसभा क्षेत्र एैसे हैं जहां अल्पसंख्यक समुदाय का बाहुल्य है। इन सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ और मंडल स्तर पर हम टीम बनाकर मोदी सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाएंगे। गहलोत सरकार के खिलाफ अल्पसंख्यक विरोधी नीतियों को लेकर प्रदेश स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जिसकी शुरूआत जोधपुर के सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र से होगी। संगठन की ओर से मुझे जो दायित्व दिया गया है उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। इस अवसर पर भाजपा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार अजयपाल, नारायण पंचारिया, प्रदेश मंत्री बासुदेव चावला, अल्पसंख्यक मोर्चा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हुसैन खान, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहम्मद सादिक, डॉ.मजीद मलिक कंमाडो, आमीन पठान, फिरोज खान, मेहरूनिसा टाक, डॉं. असलम खान, रेस्मा हुसैन और मुनव्वर खान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।