Saturday, 29 August 2026

तेज बरसात से जयपुर में बड़े बाढ़ के हालात, भट्टा बस्ती में मकान ढहने से सात लोग दबे और निकाला


तेज बरसात से जयपुर में बड़े बाढ़ के हालात, भट्टा बस्ती में मकान  ढहने से सात लोग दबे और निकाला

जयपुर में  शुक्रवार रात से शुरू हुई तेज बरसात शनिवार को भी जारी रही। तेज बारिश के कारण भट्टा बस्ती में एक मकान ढह गया। मकान ढहने के कारण उसमें बच्चों सहित सात लोग दब गए। मकान ढहने पर मौके पर हड़कंप मच गया।

शहर के सबसे व्यस्त रहने वाले जलमहल रोड, टोंक रोड, सीकर रोड, एमआई रोड पर पानी नदी की तरह बहने लगा। गोविंद देवजी मंदिर के पीछे कंवर नगर की एक दीवार धमाके के साथ गिर गई। धमाके की आवाज सुनकर दहशत में आए लोग बारिश में घरों से बाहर निकल आए। चारदीवारी के इलाकों में भी सड़क पर डेढ़ फीट तक पानी भर गया। द्रव्यवती नदी भी उफान पर आ गई। जयपुर जंक्शन पर रेल पटरियां पानी में डूबीं नजर आई। भट्‌टा बस्ती के निचले इलाकों में पानी भरने से सड़क धंस गईं।

मौसम और जल संसाधन विभाग से जारी रिपोर्ट केमुताबिकजयपुर शहर में 158MM (6.2 इंच) बारिश दर्ज हुई है। सुबह 3 बजे से दोपहर 1 बजे तक 10 घंटे में बारिश का सबसे ज्यादा असर गोपालपुरा, नारायण सिंह सर्किल, महेश नगर, सीकर रोड, चारदीवारी, दिल्ली बाइपास, शास्त्री नगर, जलमहल इलाके में रहा। वहीं सांगानेर, प्रताप नगर, जगतपुरा एरिया में रुक-रुक कर बारिश हुई।

जयपुर के शनिवार सुबह बारिश के कारण भट्टा बस्ती में एक मकान ढह गया। मकान ढहने के कारण उसमें बच्चों सहित सात लोग दब गए। मकान ढहने पर मौके पर हड़कंप मच गया। आस पास के लोगों ने दबे हुए लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर भट्टा बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं सिविल डिफेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

जयपुर में भारी बारिश के कारण ट्रेनें रद्द:
जयपुर रेलवे स्टेशन के आगे ढेहर के बालाजी स्टेशन पर ट्रैक पर पानी भरने के बाद रेलवे प्रशासन ने जयपुर से चूरू, फुलेरा, रेवाड़ी जाने वाली गाड़ियों को रद्द कर दिया। रेलवे से जारी शेड्यूल के मुताबिक गाड़ी संख्या 4861, जयपुर-चूरू पैसेंजर, गाड़ी संख्या 09730, फुलेरा-जयपुर, गाड़ी संख्या 09635, जयपुर–रेवाड़ी और गाडी संख्या 09636, रेवाड़ी–जयपुर को आज रद्द कर दिया।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 19702, दिल्ली-जयपुर को जयपुर जंक्शन पर ही रोका गया है, उसे ढेहर का बालाजी तक नहीं जाने दिया। इसके साथ ही गाडी संख्या 04801, सीकर-जयपुर ट्रेन को चौंमू-सामोद तक ही चलाया गया है। चौंमू-सामोद से ढेहर के बालाजी (जयपुर) तक रद्द किया गया है।

ये गाड़ियां भी रही आंशिक रद्द

गाडी संख्या 09605/09606 अजमेर-जयपुर-जयपुर को फुलेरा तक ही चलाई गई। इस गाड़ी को फुलेरा से जयपुर के बीच नहीं चलाया गया। गाड़ी संख्या 12991/12992 उदयपुर-जयपुर-उदयपुर  गाड़ी को उदयपुर से अजमेर के बीच चलाया गया। ये गाड़ी अजमेर से जयपुर के बीच रद्द रही।

जयपुर कलेक्ट्रेट का कंट्रोल रूम नंबर 0141 2204475 है। जहां शनिवार सुबह से शिकायतों का अंबार लगा हुआ है। कंट्रोल रूम के अनुसार शहर के सभी हिस्सो में बारिश का दौर जारी है। लेकिन सबसे ज्यादा शिकायतें सीकर रोड, रामगढ़ मोड़, ब्रह्म्पुरी इलाकों से आ रही है। इन इलाकों में सबसे ज्यादा जलभराव है।

Previous
Next

Related Posts