


राजस्थान विधानसभा में मंगलवार को 21 जुलाई तक के कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई । सरकारी उप सचेतक महेंद्र चौधरी ने विधानसभा कार्य सलाहकार समिति के प्रतिवेदन को प्रस्तुत किया।
सभापति राजेंद्र पारीक ने इस प्रतिवेदन को सर्वसम्मति से पारित कराया। प्रतिपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़ ने इस बात का विरोध किया कि आखिर आज ही कार्य सलाहकार समिति के प्रतिवेदन को क्यों प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जल्दबाजी में कई बिल लाकर पास कराना चाहती है। संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि यह पहला मौका नहीं है भाजपा के शासनकाल में भी इस तरह सदन में कार्य सलाहकार समिति के प्रतिवेदन प्रस्तुत होते रहे हैं।
कार्य सलाहकार समिति की बैठक में तय किया गया है कि विधानसभा में राजस्थान मृतक शरीर का सम्मान विधेयक 2023, राजस्थान सिनेमा विनियम विधेयक 2023, राजस्थान न्यूनतम आय गारंटी विधेयक 2023, मारवाड़ चिकित्सा विश्वविद्यालय विधेयक 2023, राजस्थान पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय विधेयक 2023, राजस्थान आईएलडी कौशल विकास विश्वविद्यालय जयपुर नाम संशोधन विधेयक 2023 प्रस्तुत किए जाएं । इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल यह बिल विधानसभा में प्रस्तुत कर दिए। अब इन विधेयको आगामी आगामी 21 जुलाई तक पारित कराया जाएगा।