Saturday, 29 August 2026

केसावत और 4 दलाल पहले जेल अब रिमांड, पर एसीबी की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह, आरपीएससी, हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती और आवासन मंडल भर्ती में दलाली का खेल होगा उजागर !


केसावत और 4 दलाल पहले जेल अब रिमांड, पर एसीबी की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह, आरपीएससी, हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती और आवासन मंडल भर्ती में दलाली का खेल होगा उजागर !

आखिर एसीबी ने जल्दबाजी में बयान क्यों दिया और राजस्थान लोक सेवा आयोग की भर्ती में दलालों के माध्यम से लाखों का लेनदेन करने वाले  घुमंतू कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रहे गोपाल केसावत और चार आरोपियों को जेल भेज देना। दबाव पड़ने पर कोर्ट में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर 3 दिन का रिमांड लेना। इन सब बातों का जवाब  एसीबी के पास नहीं है। 

एसीबी के कार्यवाही डीजी हेमंत प्रियदर्शी कहते हैं कि कुछ टेक्निकल एविडेंस के आधार पर चारों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है । शुरुआती दौर में चारों ने आपस में पहचानने से मना कर दिया था लेकिन अब मोबाइल लोकेशन और चैटिंग के आधार पर बहुत चीजें सामने आ रही है। अब कुमार विश्वास की पत्नी मंजू शर्मा के साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार और पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य की पत्नी संगीता आर्य का भी नाम सामने आने लगा है। कांग्रेस नेता गोपाल केसावत कांग्रेस के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेकर बड़े नेताओं के साथ फोटो खिंचवाने और उसका फायदा दलालों को दिखाकर भर्ती में सिफारिश कराने की बात कह कर लाखों रुपए की वसूली करने का धंधा की बात सामने आई है। 

गोपाल  केसावत  भीलवाड़ा के शाहपुरा से टिकट लेने की जुगाड़ में लगा था। सीएम गहलोत ने गोपाल  केसावत को इससे पहले के शासनकाल में घुमंतू कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष बनाया था। इसी बात का फायदा उठाकर लोगों को यह कहता था कि वह अब ओएसडी है और काम करा देगा। आरपीएससी, हाई कोर्ट एलडीसी भर्ती और राजस्थान आवासन मंडल में नौकरी लगाने का गोरख धंधा चला रहा था। दलालों के माध्यम से ओएमआर शीट के माध्यम से वह लाखों रुपए की वसूली भी करने की जानकारी सामने आ रही है।  एसीबी  ने उसके पास परमिशन लेटर, ओएमआर शीट और फोन कॉल का  रिकॉर्ड जप्त किया है।   एसीबी को मिले सबूतों के बाद यह स्पष्ट हो रहा है कि चारों की आपस में काफी समय से जान पहचान और दोस्ती थी। रिकॉर्ड के मुताबिक पिछले 3 माह में यह तीनों दलाल और केसावत एक साथ एक लोकेशन पर कई बार मिलते रहे हैं । दलाल अनिल और रविंद्र से गोपाल केसावत की पुरानी दोस्ती है।  एसीबी अब गोपाल केसावत के बैंक खातों  और लॉकर की जानकारी लेगी। पूछताछ में कई नए खुलासे होने की संभावना बन रही है। गोपाल के सावत के माध्यम से यह दलाल किस किस तक पहुंचे थे और क्या-क्या वसूली की गई चौकाने वाली जानकारी आने वाली है।

विधानसभा का सत्र चल रहा है भाजपा इस मामले को मंगलवार को स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से उठा सकती है। लेकिन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी मामला कोर्ट में विचाराधीन बताकर इस मामले को विधानसभा में उठाने की अनुमति देंगे या नहीं देंगे यह तो आज ही पता लगेगा। मामला पेचीदा है और निश्चित तौर पर जिस प्रकार से सीएम सलाहकार निरंजन आर्य की पत्नी संगीता आर्य जो कि आरपीएससी की सदस्य का नाम आना अब कई सवाल पैदा करता है। 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा आमसभा में इस मुद्दे को उठाना और उसके बाद उनकी पार्टी के लोगों द्वारा इस मुद्दे को अहमियत नहीं देना। विधानसभा में जिस प्रकार की गतिविधि भाजपा और कांग्रेस के विधायकों की चल रही है उससे प्रतीत होता है कि महत्वपूर्ण मुद्दे विधानसभा की चर्चा का विषय नहीं बन पा रहे हैं।  पेपर लीक और रेप की घटनाओं को लेकर भाजपा की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। विधानसभा का संचालन सहजता से चलना  और प्रतिपक्ष द्वारा जोरदार तरीके से विरोध नहीं करना। आखिर  विधानसभा में क्या कुछ  हो रहा है यह सबको पता है।

    Previous
    Next

    Related Posts