


दौसा जिले के थाना बैजुपाड़ा इलाके में ढिगारिया पंचायत से अगवा किये गये प्रह्लाद मीना को गठित पुलिस की टीम द्वारा करौली के डांग क्षेत्र और चंबल के बीहड़ से दस्तयाब कर 7 अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। विवाह-विच्छेद को लेकर हुई सामाजिक पंचायत में महिला के पक्ष में फैसला नहीं करने पर पीहर पक्ष के पटेलों द्वारा अपहरण किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया है।
एसपी वन्दिता राणा ने बताया कि 7 जुलाई को ढिगारिया भीम गांव में शादी संबंध विच्छेद को लेकर समाज की मीटिंग हुई। मीटिंग में फैसला महिला के पक्ष में नहीं होने पर महिला पक्ष ने शाम करीब 8-9 बजे गांव में पंचायत कर लड़के पक्ष के प्रह्लाद मीणा को जबरन गाड़ी में पटक कर अगवा कर ले गए। अपहरण की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी रेंज उमेश चंद्र दत्ता व एसपी वन्दिता राणा के निर्देशानुसार एडिशनल एसपी लालचंद कायल, सीओ मानपुर दीपक कुमार व सीओ बांदीकुई ईश्वर सिंह के नेतृत्व में थाना सिकंदरा, बेजूपाड़ा, मानपुर, मेहंदीपुर बालाजी, डीएसटी और साइबर सेल से विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई कर दौसा, करौली व धौलपुर में अभियुक्तों के संभावित ठिकानों और उनके रिश्तेदारों के यहां दबिश दी।
इस बीच पुलिस टीमों ने करीब 600-700 किलोमीटर तक तलाश की। आरोपी पुलिस को गुमराह करने के लिए रोज नई नई जगह छुपते हुए प्रह्लाद मीना को साथ लेकर घूम रहे थे। आसूचना संकलन एवं तकनीकी सहायता से पुलिस की टीमें करौली के डांग व चंबल नदी के बीहड़ क्षेत्र में डूंडापुरा पहुंची। जहां पुलिस को देख आरोपी भागने लगे। पीछा कर पुलिस ने सात अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर अपह्रत प्रह्लाद मीना को छुड़ा लिया।
एसपी श्रीमती राणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामावतार मीना), रामचरण मीना और गोपाल मीना निवासी पाल थाना नादौती करौली, रामेश्वर मीना व मुरारी लाल मीना निवासी बसेड़ी थाना मेहंदीपुर बालाजी दौसा, अनिल मीना निवासी चांदपुर थाना सिकंदरा तथा रामनिवास मीना निवासी थाना पीलोदा सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अपह्रत प्रह्लाद पर महिला पक्ष की शर्तों पर समझौते का दबाव बना रहे थे।