


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने सीकर में कोचिंग छात्र के सीवरेज के गड्ढे में डूबने से हुई मौत के मामले में कहा कि इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है और वे इसे मौत नहीं हत्या बता रहे हैं। इसकी पूर्ण रूप से जिम्मेदार भ्रष्टाचारी कांग्रेस सरकार है। यह कांग्रेस सरकार के जनप्रतिनिधियों की लड़ाई है और जनता इस लड़ाई के कारण आहत हो रही है।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कांग्रेस सरकार की प्रशासनिक नाकामियों को दर्शाते हुए कहा एक छात्र सपने लेकर दूसरे शहर में पढ़ने जाता है, लेकिन उसे नहीं मालूम कि सरकार और प्रशासन की लापरवाही उसकी मौत का कारण बनेगी। उन माता पिता पर क्या गुजरी होगी, जिन्होंने अपने बेटे के रोजगार के सपने संजोए थे, लेकिन उन्हें पता नहीं था कि कांग्रेस सरकार की ऐसी प्रशासनिक नाकामी और लापरवाही के कारण उनका घर का चिराग बुझ जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा सीकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का गृह जिला है और कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद प्रशासन से कांग्रेसी ट्विटर के जरिए गुहार लगा रहे हैं। बहुत ही शर्म का विषय है। इस बालक की मृत्यु नहीं वरन हत्या हुई है और हत्या के जिम्मेदार लोगों पर निश्चित ही हत्या का मामला दर्ज होना चाहिए।
सीपी जोशी ने कहा कांग्रेस सरकार को पीड़ित परिवार को मुआवजे के साथ आर्थिक संबल प्रदान करना चाहिए।