Saturday, 29 August 2026

सीआईडी की भरतपुर में कार्रवाई ,प्राइवेट एटीएम मशीन लगा कमीशन पर साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार,1.41 लाख नगद, 25 एटीएम कार्ड, 9 चेक बुक और 14 पासबुक बरामद


सीआईडी की भरतपुर में कार्रवाई ,प्राइवेट एटीएम मशीन लगा कमीशन पर साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार,1.41 लाख नगद, 25 एटीएम कार्ड, 9 चेक बुक और 14 पासबुक बरामद

पुलिस मुख्यालय सीआईडी क्राइम ब्रांच टीम की सूचना और सहयोग से भरतपुर जिले के सीकरी थाना अंतर्गत उड़की मोहम्मदपुर गांव से एटीएम मशीन संचालक को गिरफ्तार किया। आरोपी ने अपनी दुकान पर प्राइवेट कंपनी की एटीएम मशीन लगवा रखी थी, जिससे साइबर ठगी की रकम निकलवाई जाती थी।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध दिनेश एमएन ने बताया कि गिरफ्तार एटीएम मशीन संचालक शौराब खान के पास से 1.41 लाख नगद, विभिन्न बैंकों के 25 एटीएम कार्ड, 9 चेक बुक और 14 पासबुक बरामद किये गए है। उन्होंने बताया कि इस बारे में सीआईडी क्राइम ब्रांच के हेड कांस्टेबल कमल सिंह की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भटनागर के सुपरविजन एवं पुलिस निरीक्षक राम सिंह नाथावत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर भरतपुर भेजी गई थी।

एडीजी एमएन ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि भरतपुर जिले के मेवात इलाकों में साइबर ठगों ने अपने इच्छित स्थान पर प्राइवेट एटीएम मशीन लगा रखी है। बाहर से आम आदमी को एटीएम मशीन बंद दिखाई देती है, जबकि उसके पीछे के रास्ते से साइबर ठग विभिन्न तरीकों द्वारा ठगी कर प्राप्त रकम निकलवाया करते हैं। सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा आ सूचना संकलित कर नजर रखी गई।

एडीजी ने बताया कि सूचना पुख्ता होने पर जयपुर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भटनागर के सुपर विजन में भेजी गई टीम द्वारा जिला एसपी मृदुल कच्छावा से सहयोग चाहा गया। इस पर डीएसटी और थाना सीकरी पुलिस की इमदाद प्राप्त हुई। तीनों टीमों द्वारा थाना क्षेत्र के उड़की मोहम्मदपुर गांव में एक दुकान पर दबिश दी।

स्थानीय निवासी दुकान संचालक शौराब खान की दुकान पर टाटा इंडिकैश कंपनी की एटीएम मशीन लगी हुई थी। आरोपी 30 प्रतिशत  कमीशन के बदले साइबर ठगों को ठगी की रकम निकाल कर देता था इसके पास से टीम ने 1.41 लाख नगद, विभिन्न बैंकों के 25 एटीएम कार्ड, 9 चेक बुक और 14 पासबुक बरामद की है।

एडीजी एमएन ने बताया कि इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक रामसिंह, हेड कांस्टेबल शंकर दयाल शर्मा, कमल सिंह, रामनिवास लोछब, कॉन्स्टेबल देवेंद्र सिंह व चालक विश्राम की विशेष भूमिका रही।

Previous
Next

Related Posts