


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि वे अपने बेटे के भविष्य को बचाने में लगे हुए हैं। उन्हें प्रदेश के बेटे बेटियों से कोई मतलब नहीं है। ऐसे में कई मंत्री और विधायक उन से खार खाए हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि राजस्थान में भ्रष्टाचार नंबर वन पर है सरकार तुष्टीकरण की राजनीति में सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में मंत्री आपस में लड़ रहे हैं और एक दूसरे विभाग में कमीशन के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।
पीएम मोदी ने दो टूक कहां की अब यहां भ्रष्टाचार की कुश्ती बहुत हो गई और राजस्थान के लोकतंत्र और विकास के लिए स्थाई और डबल इंजन की सरकार को चुना जाना जरूरी है।
पीएम मोदी शनिवार को बीकानेर के नौरंगदेसर गांवमें आयोजित भाजपा की जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान पेपर लीक की इंडस्ट्रीज बन गया है यहां पर 17 पेपर लीक हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की लूट में शिक्षण संस्थान को भी नहीं बख्शा गया है। उन्होंने कहा कि सीएम गहलोत के सामने शिक्षकों ने तबादलों में पैसे खाने की बात कही थी।
पीएम मोदी कहा कि भ्रष्टाचार का आलम छाया हुआ है। उन्होंने कहा कि 4 साल से राजस्थान कांग्रेस में गुटबाजी फैली हुई है। एक गुट दूसरे गुट को बदनाम करने में जुटा हुआ है। अपने-अपने गुट को मजबूत करने में लगे हुए हैं अस्थिरता का माहौल है और उन्हें जनता की परवाह नहीं है।
पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा में किसान बाजरा ₹ 2350 प्रति क्विंटल बेचता है। वहीं दूसरी ओर राजस्थान के किसानों को अपना बाजरा ₹ 1300 प्रति क्विंटल में बेचने को मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि हमने नर्मदा का पानी पहुंचाने का प्रयास किया वही कांग्रेस ने उसे पूरी तरह रोकने का प्रयास किया।
पीएम मोदी ने कहा कि विकास के लिए सरकार में ईमानदारी होनी चाहिए उन्होंने कहा कि आप लोगों के कारण ही मुझे स्थाई सरकार देने का मौका मिला है और आज विकास की दृष्टि से हम सबसे आगे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भी डबल इंजन की सरकार चुनी जानी चाहिए जिससे कि विकास तेज गति से हो सके।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस जब सत्ता में रहती है तो वह खा खा कर देश को बर्बाद करती हैं। उन्होंने कहा कि इनकी नेता विदेश में जाकर भारत को बदनाम करने की कोशिश करते हैं और गाली देने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हमने देश की सीमाओं को मजबूत करने के लिए सड़के बनाई है और यहां के गांव का विकास तेज गति से किया है।
पीएम मोदी ने भाजपा के कार्यकर्ताओं से स्पष्ट तौर पर कहा कि वे जीत मानकर घर में नहीं बैठे बल्कि भाजपा को जिताने के लिए भरपूर कोशिश करें। उन्होंने कहा कि राजस्थान में निश्चित तौर पर अब मौजूदा सरकार जाने वाली है और डबल इंजन की सरकार बनेगी।
पीएम मोदी ने भाजपा के सांसद अर्जुन मेघवाल के पक्ष में माहौल बनाने के लिए अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं से मोबाइल की टॉर्च जलाकर उनका समर्थन करने का आह्वान किया।