Saturday, 29 August 2026

दिल्ली में कांग्रेस नेताओं का जमघट, सचिन की नई जिम्मेदारी को लेकर 3 जुलाई के बाद राहुल से बैठक, संगठन पदाधिकारी और नए जिला अध्यक्षों की घोषणा शीघ्र


दिल्ली में कांग्रेस नेताओं का जमघट, सचिन की नई जिम्मेदारी को लेकर 3 जुलाई के बाद राहुल से बैठक, संगठन  पदाधिकारी और नए जिला अध्यक्षों की घोषणा शीघ्र

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कार्यालय और  दिल्ली में स्थित राजस्थान सरकारी गेस्ट हाउस 2 दिन से नेताओं का जबरदस्त  जमघट हो रखा है। राजस्थान हाउस में प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास और राजस्थान स्टेट एग्रो इंडस्ट्री डवलपमेंट बोर्ड अध्यक्ष रामेश्वर डूडी प्रदेश की राजनीति को लेकर गुफ्तगू हुई। 

राहुल गांधी से पंजाब के प्रभारी विधायक हरीश चौधरी की मुलाकात अब तक चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्हें राहुल गांधी क्या कुछ जिम्मेदारी देना चाहते हैं यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। सचिन पायलट को लेकर भी अभी भी संशय बना हुआ है। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल से उनकी कई बार मंत्रणा हो चुकी है लेकिन यह खुलासा नहीं हो पाया है मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच जो फार्मूला तय हुआ था वह क्या है ! मौजूदा स्थिति में सचिन पायलट दिल्ली में है। 

सीएम गहलोत के दिल्ली पहुंचने सूचना  स्पष्ट नहीं हो रही है । कहने को तो उन्हें दिल्ली बुलाया गया था वे दिल्ली नहीं गए हैं। सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय नेतृत्व ने सचिन पायलट को राष्ट्रीय महासचिव,पसन्द के राज्य का प्रभारी, सीडब्ल्यूसी सदस्य,चुनाव समिति का चैयरमेन, टिकटों में बराबर हिस्सेदारी सभी ऑफर  दिए हैं । लेकिन सचिन पायलट अपनी तीन मांगो और 25 सितंबर की बगावत वाले तीनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई पर अड़े हुए है। यह माना जा रहा है कि राहुल गांधी सचिन पायलट को किसी तरह से मना लेंगे। यह भी माना जा रहा है कि कांग्रेस कमेटी के बनने वाले पदाधिकारी और  मंत्रिमंडल के फेरबदल में सचिन पायलट के लोगों को बराबर की हिस्सेदारी देने की सहमति भी बनी हुई है। यह माना जा रहा है कि राहुल गांधी 29 और 30 जून को मणिपुर के दौरे पर रहेंगे। 3 जुलाई के बाद दिल्ली में राजस्थान की राजनीति को लेकर फैसला होने की संभावना बनी हुई है।

फिलहाल बुधवार को प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान  मलिकार्जुन खरगे ने राजस्थान के  मौजूदा राजनीतिक हालातों के बारे में चर्चा की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने इस मुलाकात को शिष्टाचार मुलाकात बताया। लेकिन यह कहा जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदों को लेकर हुए विवाद को निपटाने के संबंध में बातचीत हुई है। यह माना जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की नियुक्ति अब शीघ्र होने की स्थिति बनी हुई । पदाधिकारियों  और जिला अध्यक्षों की सूची राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल को  सौंपी जा चुकी है। उस पर मोहर लगना बाकी है।

कांग्रेस के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने स्वीकार किया कि कांग्रेस के बड़े नेताओं के बीच मनमुटाव है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसअभी डिवाइडेड नहीं है हम सब एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के निचले स्तर पर कार्यकर्ता पूरी तरह से एकजुट है। उन्होंने कहा कि मनमुटाव ऊपर के स्तर पर हो सकता है उनकी व्यक्तिगत ईगो होगी। 

प्रभारी रंधावा ने कहा कि सचिन पायलट के पिता राजेश पायलट और मेरे पिता के बीच पुराने संबंध है।मैं सचिन पायलट हूं 6 वर्ष की उम्र से जानता हूं। उन्होंने कहा कि जब मेरी 1968 में शादी हुई थी तो सचिन पायलट के पिता राजेश पायलट और उनकी मां रमा पायलट हमारे आए थे ।  वह मेरा छोटा भाई है ऐसे में  मेरा और उनका डीएनए कांग्रेसी है।  उन्होंने इस बात पर जवाब नहीं दिया कि वह नाराज सचिन को किस तरह से मनाएंगे । 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कल्चर है कोई भी लड़ लेता है लेकिन वह कांग्रेसी है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा नहीं है जहां कोई जवान नहीं खुल सकता है। हम खुले रूप से बहस करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी में कोई अपनी बात नहीं रखेगा तो फिर लोकतंत्र  कहां रहा।  उनका कहना था कि कोई भी शिकायत कर सकता है उसकी शिकायत सुनी जाती है  फिर यह देखा जाता है कि पार्टी के खिलाफ तो नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेसी हूं इसका डीएनए कांग्रेसी है उन्होंने कहा कि कांग्रेसी कांग्रेस के खिलाफ काम नहीं करता है लेकिन पार्टी के लिए व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा को  भूलना होता है।

Previous
Next

Related Posts