Saturday, 29 August 2026

बीसलपुर बांध को बिपरजॉय तूफान से मिली संजीवनी, 25 सेमी पानी की हुई आवक


बीसलपुर बांध को बिपरजॉय तूफान से मिली संजीवनी, 25 सेमी पानी की हुई आवक

टोंक जिले में  रविवार की देर रात को आये बिपरजॉय तूफान के साथ हुई तेज बारिश से बीसलपुर बांध का पानी हिलोरें मारने  लगा। बांध में मानो चक्रवाती तूफान उठने लगा हो ऐसे दिखाई दे रहा था। जिसके अलर्ट को देखते हुए बीसलपुर बांध के अधिकारी पूरी तरह से सतर्क थे।बीसलपुर बांध में  सोमवार की शाम तक  तक 25 सेमी पानी की आवक हुई है। जिससे बीसलपुर बांध का गेज 312..83 आरएल से बढ़ करके 313.04आरएल मीटर पहुंच गया है।

बीसलपुर बांध से जयपुर,अजमेर, टोंक,निवाई सहित कई इलाकों में 65 लाख की आबादी को पेयजलापूर्ति की जाती है। बीसलपुर बांध से रोजाना डेढ़ सेमी पानी की आपूर्ति होती है जिसके अनुसार बीसलपुर बांध से पिछले 24 घण्टो में तेरह दिन की पेयजलापूर्ति का पानी आने से विभाग को राहत मिली है।

जिले के बीसलपुर बांध परियोजना के अधिशाषी अभियंता मनीष बंसल ने बताया कि बीसलपुर बांध में रविवार को बांध का गेज 312.83 आरएल मीटर दर्ज किया गया था जो सोमवार की शाम को 313.04 आरएल मीटर दर्ज किया गया है।

बीसलपुर बांध पेयजल परियोजना जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सूरजपुरा प्लांट के हरलाल मीणा का कहना है कि बीसलपुर बांध से प्रतिदिन डेढ़ सेमी पानी की आपूर्ति की जाती है।उन्होंने बताया कि जयपुर को 500 एमएलडी,अजमेर को 320 एमएलडी,मालपुरा को 60एमएलडी और झिराना को 58 एमएलडी पेयजल की  आपूर्ति  की जा रही है।

बीसलपुर बांध के लिए बिपरजॉय तूफान पेयजलापूर्ति के लिए काफी लाभदायक साबित हुआ है।जिसमें एक ही दिन में 25 सेमी पानी की आवक होने से इससे तेरह दिन तक की जलापूर्ति की जा सकती है।

    Previous
    Next

    Related Posts