


फर्नीचर व्यापारी को हनीट्रैप में फंसा 10 लाख रुपए मांगने के मामले में झालावाड़ जिले के खानपुर थाना पुलिस की टीम ने 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को थाना पुलिस की टीम द्वारा घटना में शामिल 2 महिलाओं समेत तीन जनों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार महिला और युवती को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया।
एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि खानपुर निवासी फर्नीचर व्यापारी ओमप्रकाश मीणा द्वारा शुक्रवार 16 जून को रिपोर्ट दी गई कि आज से 8-10 दिन पहले उसके पास एक महिला ने कॉल कर अलमारी लेने की इच्छा जता बातचीत शुरू की। 15 जून को उसे भटखेड़ी बुला गाड़ी में बैठा आरोपी अरनिया ले गए। जहां दोनों महिलाओं ने कहा 10 लाख रुपये दो, नहीं तो बलात्कार और छेड़छाड़ के केस में फंसा देंगे। उसके बाद उनके साथियों ने उसके साथ मारपीट की और पास में रखे 10 हजार रुपये लेकर ऑनलाइन 96 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
घटना की गंभीरता को देख एसपी तोमर द्वारा एएसपी चिरंजीलाल मीणा और सीओ तरुण कांत सोमानी के सुपरविजन व एसएचओ हरि सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई कर शनिवार को दो महिला भूरी बाई, सीमा समेत आरोपी महावीर सुमन को गिरफ्तार किया गया। इनसे पूछताछ के बाद रविवार को पुलिस ने सारोला कला निवासी हेमराज माली (44), मोठपुर निवासी कालू लाल मीणा (32) तथा अकलेरा निवासी शाहरुख (25), राकेश गुर्जर (26) और भैरू लाल उर्फ राजू लोधा (28) को गिरफ्तार किया ।