Saturday, 29 August 2026

सीएम का कोटपूतली दौरा: 460.66 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण,जनभावना को ध्यान में रखकर कार्य कर रही सरकार : गहलोत


सीएम का कोटपूतली दौरा:  460.66 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण,जनभावना को ध्यान में रखकर कार्य कर रही सरकार : गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं को ध्यान में रखकर प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश को 2030 तक अग्रणी राज्य बनाने की सोच के साथ काम किया जा रहा है। राज्य में जनता का पैसा जनता पर खर्च कर लोगों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है।

सीएम गहलोत  शुक्रवार को कोटपूतली में महंगाई राहत कैम्प एवं प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत आयोजित शिविर का अवलोकन करने के बाद विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास-लोकार्पण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले 5 वर्ष में प्रदेश के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। जनता से जो वादे किये गए थे उन्हें पूरी शिद्दत के साथ निभाया जा रहा है। श्री गहलोत ने कहा कि विगत 5 बजट में राज्य की जनता पर कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया बल्कि बेहतरीन वित्तीय प्रबंधन कर राज्य में विकास कार्यों को गति दी गई। राजस्थान 11.04 प्रतिशत की आर्थिक विकास दर के साथ देश में आंध्र प्रदेश के बाद दूसरे स्थान पर है। इस दौरान उन्होंने 460.66 करोड़ रुपए लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 430.82 करोड़ लागत के कुल 56 शिलान्यास एवं 29.84 करोड़ लागत के 31 कार्यों का लोकार्पण शामिल हैं।

जो वादे किए, वो निभा रहे

सीएम गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की जनता से किए गए वादों को तत्परता से निभा रही है। प्रदेश में 1.50 लाख नौकरियां दी जा चुकी हैं जबकि इतनी ही प्रक्रियाधीन हैं। जल्दी ही प्रदेश की महिलाओं को 3 साल की इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ निःशुल्क स्मार्टफोन देने का वादा पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे द्वारा शुरू की गई योजनाएं तात्कालिक नहीं हैं, बल्कि ये निरंतर जारी रहेंगी। आगामी समय में इन योजनाओं को और मजबूत करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में और भी अच्छी योजनाएं लेकर आएगी।

प्रतिमाओं का किया अनावरण

कोटपूतली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सीएम गहलोत ने श्रीमती पाना देवी मोरीजावाला राजकीय कन्या महाविद्यालय में महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्री बाई फुले की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

समारोह में कृषि मंत्री लालचन्द कटारिया, गृह राज्य मंत्री राजेन्द्र यादव, कांग्रेस के प्रभारी और पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा,  कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राज्य युवा बोर्ड के अध्यक्ष सीताराम लाम्बा, विधायक गोपाल मीना, इन्द्राज गुर्जर एवं संदीप यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts