Saturday, 29 August 2026

सीएम का सीकर दौरा: लोकतंत्र में जनता की सेवा करना सरकार का ध्येय: गहलोत


सीएम का सीकर दौरा: लोकतंत्र में जनता की सेवा करना सरकार का ध्येय: गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र में जनता द्वारा चुनी हुई सरकार का ध्येय जनता की सेवा करना होता है। राज्य सरकार इसी संकल्प के साथ समाज के हर वर्ग को लाभान्वित करने के लिए कार्य कर रही है। सीएम गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि राजस्थान को विकास के हर क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाएं। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु सबके सहयोग की आवश्यकता है।

सीएम गहलोत शुक्रवार को सीकर की खण्डेला तहसील के होद गांव में महंगाई राहत कैंप के अवलोकन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गहन अध्ययन के बाद ही जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की है। पुरानी पेंशन योजना, चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना जैसी राज्य सरकार की योजनाएं चुनावी नहीं हैं। प्रत्येक योजना स्थायी है। 

सामाजिक सुरक्षा कानून बनाएं केन्द्र सरकार

सीएम गहलोत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने खाद्य, शिक्षा, सूचना और रोजगार की गारंटी कानून बनाने के क्रांतिकारी फैसले लिए। उसी तरह राजस्थान सरकार द्वारा भी निरोगी राजस्थान के लिए स्वास्थ्य का अधिकार (आरटीएच) लागू किया गया तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि बढ़ाकर आमजन को आर्थिक व सामाजिक संबल प्रदान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार को भी देश में समान रूप से सामाजिक सुरक्षा कानून लागू करना चाहिए। 

शेखावाटी क्षेत्र का देशभर में नाम 

सीएमगहलोत ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र की देशभर में एक अलग पहचान है। स्व. जमनालाल बजाज ने गांधीजी के साथ आजादी के आंदोलन में भाग लिया। यहां के उद्योगपतियों का देश की अर्थव्यवस्था में विशेष योगदान है। उन्होंने कहा कि देश सेवा में भी शेखावाटी के लोग पीछे नहीं है। यहां घर-घर से नौजवान सेना में शामिल होकर देश की रक्षा कर रहे हैं। शेखावाटी क्षेत्र से सबसे ज्यादा संख्या में युवा सेनाओं में है। 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खण्डेला, दातारामगढ़, नीमकाथाना क्षेत्रों की पेयजल समस्या का समाधान करने के लिए 8 हजार करोड़ रूपए स्वीकृत कर बड़ी सौगात दी है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में प्राथमिक स्वास्थ केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले गए हैं। 

महंगाई राहत कैंप का अवलोकन

इससे पूर्व सीएम गहलोत ने महंगाई राहत कैंप के अवलोकन के दौरान लाभार्थियों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सामाजिक सुरक्षा योजना के लाभार्थियों तथा विभिन्न सहायता समूहों को चैक तथा दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित की। सीएम  गहलोत ने राजीविका प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनके उत्पादों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने गांधी दर्शन प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। 

सीकर के प्रभारी उद्योग मंत्री श्रीमती शकुंतला रावत ने कहा कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री कामधेनु पशु बीमा योजना और ओपीएस जैसी योजनाएं लागू कर समाज के हर वर्ग को लाभान्वित किया है। उन्होंने कहा कि राजीविका के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूह को ऋण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया गया है।  

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और  लक्ष्मणगढ़ से विधायक गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राज्य सरकार ने सीकर को संभाग व नीमकाथाना को जिला बनाकर क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात दी है। 

किसान आयोग के अध्यक्ष और निर्दलीय विधायक महादेव सिंह खण्डेला ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खण्डेला विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, पेयजल, सड़क, बिजली, सिंचाई आदि सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय विकास कार्य किए गए हैं। क्षेत्र में 19 महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की स्थापना और विद्यालयों को महाविद्यालयों में क्रमोन्नत करने के फैसलें से युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर मिले हैं। 

इस अवसर पर कांग्रेस के प्रभारी पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, केशकला बोर्ड अध्यक्ष महेंद्र गहलोत, युवा बोर्ड के अध्यक्ष सीताराम लांबा, विधायक राजेन्द्र पारीक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।


    Previous
    Next

    Related Posts